गोंडा में बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक:500 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री बांटी, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार

Oct 03, 2026 - 18:11
0
गोंडा में बाढ़ प्रभावित गांवों में पहुंचे विधायक:500 से अधिक परिवारों को राहत सामग्री बांटी, लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार
गोंडा में करनैलगंज और तरबगंज तहसील के कई गांवों में बाढ़ का पानी भरने से ग्रामीणों के सामने जीवन-यापन की समस्या बनी हुई है। शनिवार शाम करीब 5 बजे करनैलगंज से भाजपा विधायक अजय कुमार सिंह एसडीएम और अन्य अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित गांव चांदपुर किटौली और पसका पहुंचे। विधायक ने नाव से गांवों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से उनकी समस्याएं जानीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। ग्रामीणों ने समय से बाढ़ राहत सामग्री नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर विधायक ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई और तत्काल सभी बाढ़ पीड़ितों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। दोनों गांवों में 500 से अधिक बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री में खाद्यान्न के साथ बाल्टी, साबुन, बारिश से बचने के लिए छाता, घरों पर डालने के लिए तिरपाल और रात में आने-जाने के लिए टॉर्च दी जा रही है। जिला प्रशासन की ओर से खाद्यान्न के साथ अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जा रहा है। कुछ सामग्री जनसहयोग से भी दी जा रही है। बाढ़ प्रभावित गांवों का निरीक्षण करने के बाद विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उनके नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाया जाए। घाघरा नदी में जमीन कटने से प्रभावित किसानों को भी मुआवजा देने के निर्देश दिए। पशुओं के चारे की समस्या न हो, इसके लिए भूसा वितरण कराने को भी कहा। विधायक अजय कुमार सिंह ने कहा कि तहसील क्षेत्र के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। उन्होंने अधिकारियों के साथ गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और राहत सामग्री वितरित कराई। उन्होंने कहा कि जल्द ही बाढ़ प्रभावित लोगों को सोलर लाइट भी उपलब्ध कराई जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User