गोंडा में भारी बारिश के चलते आज भी स्कूल बंद:कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी, दूसरे दिन भी नहीं लगेंगी कक्षाएं, देर रात जारी हुआ आदेश
गोंडा में लगातार हो रही भारी बारिश और खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार को भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरुवार देर रात करीब 11:30 बजे अवकाश का आदेश जारी किया। इसके तहत जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल शुक्रवार को बंद रहेंगे। गुरुवार को भी बारिश के कारण इन कक्षाओं के स्कूलों में छुट्टी थी। बीएसए कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि भारी बारिश के कारण जिले के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति है। इससे बच्चों के स्कूल आने-जाने में परेशानी हो सकती है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है। CBSE और ICSE समेत सभी बोर्ड के स्कूलों पर लागू यह आदेश जिले में संचालित सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों के साथ CBSE और ICSE समेत सभी बोर्ड के विद्यालयों पर लागू होगा। कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। परिषदीय स्कूलों में पहले से था अनंत चतुर्दशी का अवकाश आदेश में स्पष्ट किया गया है कि परिषदीय विद्यालयों और परिषदीय मान्यता प्राप्त स्कूलों में 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी का अवकाश पहले से घोषित है। ऐसे में नया आदेश मुख्य रूप से निजी और गैर-परिषदीय स्कूलों में छुट्टी को लेकर किसी भी भ्रम की स्थिति को दूर करने के लिए जारी किया गया है। प्रशासन का उद्देश्य है कि बारिश के दौरान किसी भी बोर्ड के छोटे बच्चों को स्कूल जाने की जरूरत न पड़े। आदेश का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई बीएसए अमित कुमार सिंह ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अगर कोई विद्यालय आदेश के बावजूद खुला पाया गया, तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। देर रात जारी हुए इस आदेश से शुक्रवार को स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों को राहत मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)