गोंडा में जनगणना प्रशिक्षण से गायब मिले 11 कर्मचारी:डीएम ने रोका अनुपस्थित दिनों का वेतन, 7 अक्टूबर से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चल रहा प्रशिक्षण
गोंडा में जनगणना 2027 के प्रशिक्षण से गायब रहने वाले 11 कर्मचारियों पर डीएम प्रियंका निरंजन ने कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम 5:30 बजे उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों को प्रशिक्षण के दिनों का वेतन न देने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को पत्र लिखकर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है। जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत फील्ड ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण 7 अक्टूबर से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय, गोंडा में आयोजित किया जा रहा है। इसमें अनुपस्थित मिले कर्मचारियों में विभिन्न विद्यालयों के प्रवक्ता, सहायक अध्यापक और तहसीलों में तैनात लेखपाल शामिल हैं। जांच में कुछ कर्मचारी 7 अक्टूबर की दूसरी पाली में अनुपस्थित मिले, जबकि कुछ 7 और 8 अक्टूबर को प्रशिक्षण में शामिल नहीं हुए। जनगणना अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश डीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी और संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 5 और 11 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के संबंधित दिनों का वेतन रोकने और की गई कार्रवाई की जानकारी जिला जनगणना अधिकारी को देने को कहा है। बिना प्रशिक्षण फील्ड में काम करने में होगी दिक्कत डीएम प्रियंका निरंजन ने कहा कि जनगणना का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। इसमें कर्मचारियों को जरूरी जानकारियां दी जा रही हैं, ताकि फील्ड में काम करने के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। बिना प्रशिक्षण के फील्ड में जाने पर काम प्रभावित हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से गायब रहना लापरवाही है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अनुपस्थित कर्मचारियों को संबंधित दिनों का वेतन नहीं मिलेगा। भविष्य में भी प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ इसी तरह कार्रवाई की जाएगी। संबंधित विभागों को भी कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)