गोंडा में मां बाराही-खैरा भवानी के दरबार में उमड़े भक्त:नेपाल समेत पड़ोसी जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, मंदिरों में पुलिस और पीएसी तैनात

Oct 11, 2026 - 07:44
0
गोंडा में मां बाराही-खैरा भवानी के दरबार में उमड़े भक्त:नेपाल समेत पड़ोसी जिलों से पहुंचे श्रद्धालु, मंदिरों में पुलिस और पीएसी तैनात
गोंडा में शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार सुबह से ही जिले के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। मंदिरों के आसपास पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रमुख मंदिरों की निगरानी ड्रोन कैमरों से भी की जा रही है। गोंडा मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर उमरी बेगमगंज स्थित शक्तिपीठ मां बाराही देवी मंदिर में सुबह 6 बजे से ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचने लगे। यहां गोंडा के अलावा बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच समेत पड़ोसी जिलों से भी भक्त आते हैं। नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्र के पहले दिन मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी रही। खैरा भवानी मंदिर में मुंडन कराने पहुंच रहे लोग खैरा कुंभ नगर स्थित मां खैरा भवानी मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। यहां दूर-दराज से लोग अपने छोटे बच्चों का मुंडन संस्कार कराने भी पहुंचते हैं। मंदिर की ऐतिहासिक मान्यता है। शारदीय और चैत्र नवरात्र के अलावा हर सोमवार, मंगलवार और शुक्रवार को भी यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। सादे कपड़ों में भी तैनात पुलिसकर्मी मंदिरों में भीड़ को देखते हुए वर्दी और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था में पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है। पुलिस ड्रोन कैमरों से प्रमुख मंदिरों और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी कर रही है, ताकि भीड़ प्रबंधन के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई: डीएम डीएम प्रियंका निरंजन ने बताया कि शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी के जवानों को भी तैनात किया गया है। सभी दुर्गा मंदिरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User