गोंडा में महिला को बंधक बनाकर लूटा:रात 1:30 बजे घर में घुसे 2 बदमाश, रस्सी से बांधकर जेवर और नकदी ले गए
गोंडा के करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के बालपुर ग्राम पंचायत के अहिरन पुरवा गांव में शुक्रवार देर रात महिला को बंधक बनाकर लूट किए जाने का मामला सामने आया है। महिला के मुताबिक, रात करीब 1:30 बजे दो बदमाश मुंह बांधकर घर में घुसे और दरवाजा खोलते ही उसे पकड़ लिया। आरोप है कि बदमाशों ने रस्सी से बांधकर उसे बंधक बनाया और घर से जेवर व नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़ित रोशनी यादव ने बताया कि वह रात में कमरे में सो रही थी। करीब 1 बजे तक फोन चला रही थी। रात करीब 1:30 बजे घर के बाहर आवाज सुनकर उसने दरवाजा खोला। आरोप है कि इसके बाद दो बदमाशों ने उसका गला दबाया और घसीटकर अंदर ले गए। रोशनी के मुताबिक, बदमाशों ने उसे बांध दिया। उसका गला भी फंसा हुआ था। इसके बाद बदमाशों ने लोहे की रॉड से सामान तोड़ा और घर में रखे जेवर लेकर फरार हो गए। 'करीब 4 लाख रुपए का नुकसान' रोशनी ने बताया कि बदमाशों ने चेहरे पूरी तरह ढक रखे थे। उसके मुताबिक, घर से करीब 20 हजार रुपए नकद और जेवर ले जाए गए। उसने बताया कि इनमें उसके जेवर के साथ देवर की शादी के लिए रखे गए जेवर भी शामिल थे। पीड़िता ने करीब 4 लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है। घटना के बाद वह आवाज नहीं निकाल पा रही थी। उसने परिवार के लोगों को किसी तरह जानकारी दी। परिजन पहुंचे और उसका गला खोलने के बाद वह ठीक से बोल पाई। पति को 15 बार फोन किया, नहीं उठा रोशनी ने बताया कि उसके जेठ और जेठानी बाहर सोते हैं, जबकि वह अपनी बेटी के साथ कमरे में थी। उसका पति सोनू यादव मनकापुर में रहता है और थाने में खाना बनाने का काम करता है। घटना के दौरान उसने पति को करीब 15 बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद उसने परिवार के लोगों को रो-रोकर घटना की जानकारी दी। SP बोले- चोरी की तहरीर मिली है एसपी अभिषेक झा ने बताया कि पुलिस को लूट की नहीं, बल्कि चोरी की तहरीर मिली है। उन्होंने कहा कि अब पीड़ित पक्ष लूट की बात बता रहा है, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पुलिस को जो तहरीर मिली है, उसी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। एसपी के मुताबिक, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम ने भी जांच की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)