गोंडा में शव रखकर 6 घंटे सड़क-जाम करने पर मुकदमा:सपा नेता समेत 25 अज्ञात पर केस, पुलिस बोली- परिजनों को बरगलाकर शव सड़क पर रखवाया
गोंडा के कौड़िया थाना क्षेत्र में विद्युत करंट से हुई इलेक्ट्रीशियन की मौत के बाद शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। कटरा बाजार थाने में तैनात उपनिरीक्षक रविंद्र चौहान की तहरीर पर सपा नेता विनोद शुक्ला समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का आरोप है कि परिजनों को बरगलाकर शव को कटरा-आर्यनगर मार्ग पर रखकर करीब 6 घंटे तक आवागमन बाधित किया गया। लैबुड़वा गांव निवासी 35 वर्षीय इलेक्ट्रीशियन सीताराम की रविवार सुबह करीब 10 बजे विद्युत पोल पर काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। कौड़िया पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम करीब 4 बजे शव घर पहुंचा। शव सड़क पर रखकर शुरू किया गया था प्रदर्शन पुलिस के मुताबिक, अंतिम संस्कार के लिए परिजन शव को पिकअप से उतारकर घर ले जा रहे थे। इसी दौरान विनोद शुक्ला 20 से 25 अज्ञात लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। तहरीर के मुताबिक, उन्होंने वहां मौजूद लोगों को बरगलाकर परिजनों से शव ले लिया और कटरा-आर्यनगर मार्ग पर रखकर नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मार्ग पर करीब 6 घंटे तक आवागमन बाधित रहा। पुलिस का कहना है कि लोगों को कई बार समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन मार्ग से शव नहीं हटाया गया। उपनिरीक्षक की तहरीर पर केस दर्ज उपनिरीक्षक रविंद्र चौहान की तहरीर पर कौड़िया थाने में विनोद शुक्ला समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक गोलू कुमार तिवारी को सौंपी है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कौड़िया थाना प्रभारी शशि कुमार राणा ने बताया कि विनोद शुक्ला समेत 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)