गोंडा में सपा नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट:सपा जिला अध्यक्ष समेत सभी नेताओं को रोका, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पैदल मार्च करने जा रहे थे

Oct 05, 2026 - 08:39
0
गोंडा में सपा नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट:सपा जिला अध्यक्ष समेत सभी नेताओं को रोका, ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पैदल मार्च करने जा रहे थे
गोंडा में मुख्य चुनाव आयुक्त भारत ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित पैदल मार्च से पहले पुलिस ने कई सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया। सोमवार सुबह 11 बजे गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहे तक पैदल मार्च प्रस्तावित है। इससे पहले रविवार देर रात करीब 12 बजे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों की पुलिस ने सपा नेताओं को उनके घरों में ही रोक दिया। नेताओं को बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई। पुलिस कार्रवाई के बावजूद सपा कार्यकर्ताओं ने सोशल मीडिया के जरिए ज्यादा से ज्यादा लोगों से गांधी पार्क पहुंचने का आह्वान किया है। पार्टी का कहना है कि पैदल मार्च मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर निकाला जाएगा। वहीं, पुलिस की ओर से नेताओं को रोके जाने पर सपा ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर रोक बताया है। देहात कोतवाली पुलिस ने जमुनियाबाग स्थित सपा जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन को हाउस अरेस्ट किया है। नगर कोतवाली पुलिस ने बूढ़ादेवर में मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष देवेंद्र प्रताप, सूरज होटल के पास लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव लाल चंद्र गौतम, छात्र सभा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह, अल्पसंख्यक जिला अध्यक्ष अफजल खान और नगर अध्यक्ष मतीन सिद्दीकी को घरों में रोक दिया। पूर्व मंत्री और विधायकों के घर भी पहुंची पुलिस खोड़ारे पुलिस ने गौरा से पूर्व सपा प्रत्याशी और दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री संजय विद्यार्थी को हाउस अरेस्ट किया। करनैलगंज कोतवाली पुलिस ने पूर्व विधायक और पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह को उनके घर में रोका। पूर्व विधायक बैजनाथ दुबे को नगर कोतवाली पुलिस ने गोंडा में हाउस अरेस्ट किया। कटरा बाजार में सपा नेता विनोद शुक्ला को भी पुलिस ने घर से बाहर नहीं निकलने दिया। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी नवाबगंज पुलिस ने दिनेश यादव, तरबगंज पुलिस ने राम भजन चौबे और मनोज चौबे को हाउस अरेस्ट किया है। धानेपुर पुलिस ने अंजू वर्मा समेत कई अन्य नेताओं को भी अलग-अलग स्थानों पर घर में नजरबंद किया। देर रात से ही पुलिस टीमें नेताओं के घरों पर तैनात हैं। अरशद हुसैन बोले- शांतिपूर्ण मार्च से भी रोका जा रहा सपा जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की हत्या है। उनका आरोप है कि चुनाव आयोग के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से भी पार्टी नेताओं को रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से पैदल मार्च निकालना चाहते हैं और इसी को लेकर गांधी पार्क से अंबेडकर चौराहे तक कार्यक्रम रखा गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User