गोरखपुर के विकास नगर में बदलेगी 10 पार्कों की सूरत:टहलने को पाथवे और कसरत के लिए मिलेंगे ओपेन जिम

Oct 10, 2026 - 17:06
0
गोरखपुर के विकास नगर में बदलेगी 10 पार्कों की सूरत:टहलने को पाथवे और कसरत के लिए मिलेंगे ओपेन जिम
गोरखपुर में लंबे समय से बदहाली झेल रहे विकास नगर योजना के 10 पार्कों की सूरत अब बदलने वाली है। उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने इन पार्कों के रेनोवेशन और सौंदर्याकरण के लिए 2.76 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। योजना के तहत पार्कों में टहलने के लिए पाथवे बनाए जाएंगे। बैठने के लिए बेंच, आकर्षक पेंटिंग, सजावटी लाइटिंग और पौधरोपण के साथ चाहरदीवारी व गेट की मरम्मत भी कराई जाएगी। लोगों को पार्कों में ही व्यायाम की सुविधा देने के लिए उपलब्ध जमीन के अनुसार ओपेन जिम भी लगाए जाएंगे। परिषद ने पूरे काम को छह महीने में पूरा कराने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आसपास रहने वाले लोगों को सुबह-शाम टहलने, बैठने और व्यायाम करने के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। लंबे समय से उपेक्षित इन पार्कों को नए सिरे से विकसित करने की योजना से इलाके में हरियाली और नागरिक सुविधाएं बढ़ने की उम्मीद है। रखरखाव के अभाव में बिगड़ गई थी हालत विकास नगर योजना के पार्क संख्या 1, 2, 3, 10, 11, 12, 13, 14, 15 और 16 लंबे समय से नियमित देखरेख के अभाव में बदहाल स्थिति में हैं। पार्कों की चाहरदीवारी और दूसरी बुनियादी सुविधाएं भी प्रभावित हो रही थीं। ऐसे में लोगों को इन सार्वजनिक स्थलों का बेहतर उपयोग करने में परेशानी हो रही थी। अब आवास एवं विकास परिषद ने सभी 10 पार्कों को व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने की तैयारी की है। इसके लिए परिषद के निर्माण खंड गोरखपुर-01 की ओर से निविदा जारी की गई है। परियोजना की अनुमानित लागत 276.85 लाख रुपये यानी करीब 2.76 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। यह काम इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से कराया जाएगा। टहलने के लिए पाथवे, बैठने को मिलेंगी बेंच पार्कों में लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। टहलने के लिए पाथवे तैयार किए जाएंगे, जबकि आराम करने और बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। जहां चाहरदीवारी और गेट खराब हैं, वहां उनकी मरम्मत कराई जाएगी। जरूरत के मुताबिक नए निर्माण भी किए जाएंगे। पार्कों को आकर्षक बनाने के लिए कलात्मक पेंटिंग और सजावटी लाइटिंग की व्यवस्था होगी। इससे पार्कों का स्वरूप बेहतर होने के साथ शाम के समय भी लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण भी कराया जाएगा। जमीन के हिसाब से लगेंगे ओपेन जिम के उपकरण पार्कों में ओपेन जिम की सुविधा भी विकसित की जाएगी। हालांकि, सभी पार्कों में उपकरणों की संख्या एक जैसी नहीं होगी। यह उपलब्ध जमीन और वहां उपकरण लगाने की गुंजाइश के आधार पर तय की जाएगी। इससे स्थानीय लोगों को घर के आसपास ही सुबह-शाम व्यायाम करने का विकल्प मिलेगा। योजना का उद्देश्य पार्कों को केवल हरियाली तक सीमित रखने के बजाय उन्हें लोगों के लिए उपयोगी सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित करना है। जीर्णोद्धार के बाद बच्चों, बुजुर्गों और अन्य स्थानीय निवासियों को बैठने, टहलने और शारीरिक गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है। 31 अक्टूबर को खुलेगी तकनीकी बिड आवास एवं विकास परिषद के निर्माण खंड गोरखपुर-01 के सहायक अभियंता एनआर चंद्रशेखर ने बताया कि- इच्छुक फर्में 31 अक्टूबर को सुबह 11 बजे तक टेंडर जमा कर सकेंगी। इसी दिन दोपहर 12 बजे तकनीकी बिड खोली जाएगी। तकनीकी बिड के मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वित्तीय बिड खोलने की तारीख तय की जाएगी। उन्होंने बताया कि परिषद की कोशिश है कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी पार्कों में निर्धारित सुविधाओं का विकास कराते हुए छह महीने के भीतर काम पूरा करा लिया जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User