गोरखपुर में भगत सिंह जयंती मनाई:युवा चेतना वाटिका में पौधा लगाकर दिया हरित भविष्य का संदेश
अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर स्थित युवा चेतना वाटिका में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय के शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और युवा चेतना समिति के पदाधिकारियों ने एवोकाडो का पौधा रोपकर भगत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. अनुभूति दुबे, मनोविज्ञान विभाग के अध्यक्ष प्रो. धनंजय कुमार, भूगोल विभाग की अध्यक्ष डॉ. स्वर्णिमा सिंह, युवा चेतना समिति के अध्यक्ष मान्धाता सिंह सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर मान्धाता सिंह ने कहा कि शहीद भगत सिंह का जीवन साहस, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके विचार आज भी युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह की जयंती पर पौधा लगाना केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ियों के प्रति अपनी जिम्मेदारी को भी अभिव्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी जरूरतों में से एक है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण, घटती हरियाली और बदलते जलवायु परिदृश्य के बीच वृक्षारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी समान रूप से जरूरी है। युवा चेतना वाटिका को ऐसे स्थल के रूप में विकसित करने का प्रयास है, जहां प्रकृति के साथ सामाजिक और वैचारिक चेतना का भी विस्तार हो। प्रो. अनुभूति दुबे, प्रो. धनंजय कुमार और डॉ. स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पौधरोपण कार्यक्रम में रामपाल सिंह, अखिलेश कुमार ओझा, डॉ. एस.पी. सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भी सहयोग किया। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)