आधे आगरा के घरों से नहीं उठा कूड़ा:नगर निगम की लापरवाही, दो दिन से एक लाख घरों के लोग परेशान

Sep 28, 2026 - 17:10
0
आधे आगरा के घरों से नहीं उठा कूड़ा:नगर निगम की लापरवाही, दो दिन से एक लाख घरों के लोग परेशान
आगरा नगर निगम की लापरवाही की वजह से आधे शहर के घरों से दो दिन से कूड़ा नहीं उठ पा रहा है। ऐसे में लोग परेशान हैं। घरों में कूड़ा एकत्रित हो गया है। स्वच्छता कार्पोरेशन की गाड़ियां लोगों के घरों तक पहुंची ही नहीं। इसको लेकर सोमवार को कुछ पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की। डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने का काम स्वच्छता कार्पोरेशन का है। लोहामंडी जोन और हरीपर्वत जोन में इस संस्था की गाड़ियां रविवार और सोमवार को निकली ही नहीं। अब विस्तार से पढ़िए... नगर निगम ने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का काम स्वच्छता कार्पोरेशन को दिया हुआ है। लोहामंडी और हरीपर्वत जोन के घरों से कूड़ा कलेक्ट करने वाली लगभग 150 गाड़ियां सिकंदरा, केके नगर क्षेत्र में एक विवादित खाली जगह पर खड़ी होती थी। लंबे समय से ये जमीन पर नगर निगम के कब्जे में थी। बताया जा रहा है कि शनिवार को हाईकोर्ट के फैसले के बाद इस जमीन पर दूसरे पक्ष ने अपना कब्जा कर लिया। बुलडोजर की मदद से इस जमीन को स्वच्छता कार्पोरेशन के कर्मचारियों से खाली करा लिया। यहां पर इन कर्मचारियों के झोपिड़ियां बनी हुई थीं, यहीं पर इनकी गाड़ियों की पार्किंग थी। नहीं निकल सकीं गाड़ियां झोपड़ियां टूट जाने की वजह से रहने और गाड़ियों के खड़े करने की जगह के अभाव में रविवार और सोमवार को कूड़ा कलेक्शन वाली गाड़ियां नहीं निकल सकीं। लोहामंडी और हरीपर्वत जोन के लगभग एक लाख घरों से दो दिन कूड़ा नहीं उठा। इसकी वजह से घरों में कूड़ा के ढेर लग गए हैं। मंगलवार से उठेगा कूड़ा सोमवार को कुछ पार्षदों ने इस पर विरोध जताया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से शिकायत की। पार्षद शरद चौहान का कहना है कि दो दिन से कूड़ा न उठने के कारण सोसायटी और अपार्टमेंट के लोग परेशान हैं। इधर, नगर निगम अधिकारियों ने पार्षदों की शिकायत के बाद स्वच्छता कार्पोरेशन के कर्मचारियों के लिए दहतोरा में जगह तलाश ली है। उन्हें वहां शिफ्ट किया जा रहा है। मंगलवार से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन फिर से शुरू हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User