गोरखपुर में मानसून का असर खत्म:उमस से मिलेगी राहत, रात में हल्की ठंडक कराएगी एहसास

Oct 02, 2026 - 10:56
0
गोरखपुर में मानसून का असर खत्म:उमस से मिलेगी राहत, रात में हल्की ठंडक कराएगी एहसास
गोरखपुर में शुक्रवार की सुबह साफ, सुहावनी और राहत भरी रही। आसमान पूरी तरह साफ नजर आया और हल्की हवाओं के बीच खिली धूप ने मौसम को खुशनुमा बना दिया। सुबह के समय 22 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं ने लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, जिससे दिन की शुरुआत काफी आरामदायक रही। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि सुबह का मौसम सुहावना रहा, लेकिन दोपहर होते-होते धूप तेज हो जाएगी और गर्मी का असर बढ़ेगा। ऐसे में लोगों को बाहर निकलते समय सतर्क रहने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। अब खत्म हो रहा मानसून का असर नमी बढ़ने के कारण दिन में उमस भी महसूस होगी, जिससे चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। खासकर दोपहर के समय बाहर निकलने पर अधिक गर्मी महसूस होगी, इसलिए पानी का सेवन बढ़ाने और जरूरी काम ही बाहर करने की सलाह दी जा रही है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के अनुसार गोरखपुर में भारी मानसूनी बारिश का दौर अब लगभग समाप्त हो चुका है और मौसम पोस्ट-मानसून फेज में प्रवेश कर चुका है। आने वाले दिनों में मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिलेगा और बारिश की गतिविधियां काफी कम हो जाएंगी। अगले 5-7 दिन ऐसा रहेगा मौसम आने वाले 5 से 7 दिनों में आसमान ज्यादातर साफ या हल्के बादलों वाला रहेगा। दिन का तापमान 32 से 35 डिग्री के बीच और रात का तापमान 22 से 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। इससे रातें पहले की तुलना में ज्यादा आरामदायक महसूस होंगी। हवा की रफ्तार 6 से 15 किमी/घंटा के बीच रहेगी और उमस धीरे-धीरे कम होती जाएगी। बारिश की हल्की उम्मीद बीच-बीच में कुछ जगहों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, खासकर शुरुआती दिनों में। हालांकि कुल मिलाकर मौसम अधिकतर सूखा ही रहेगा और तेज बारिश की संभावना काफी कम है। अक्टूबर में मौसम होगा सुहावना पूरे अक्टूबर महीने में दिन का औसत तापमान 30 से 33 डिग्री और रात का तापमान 20 से 23 डिग्री के बीच रहने की उम्मीद है। इस दौरान करीब 40 से 45 मिमी बारिश ही होती है, जिससे साफ है कि मौसम अब धीरे-धीरे स्थिर और सुहावना होता जाएगा। गोरखपुर में अब मौसम बदलाव के दौर में है। दिन में हल्की गर्मी और उमस जरूर रहेगी, लेकिन रातें ठंडी और सुकून भरी होंगी। कुल मिलाकर मौसम अब बारिश से हटकर सुकून और हल्की ठंड की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User