गोरखपुर में रविवार को खुले सभी बैंक:हड़ताल से पहले उमड़ी भीड़, छुट्टी के दिन वर्किंग जैसा माहौल
गोरखपुर में रविवार को आम दिनों से बिल्कुल अलग देखने को मिला। जहां आमतौर पर छुट्टी के दिन बैंक सूने रहते हैं, वहीं इस बार शहर की लगभग हर शाखा में सुबह से ही ग्राहकों की कतारें लग गईं। गोलघर, बैंक रोड, असुरन, बशारतपुर जैसे प्रमुख इलाकों में लोग जल्दी-जल्दी अपने काम निपटाने के लिए पहुंचते रहे। कर्मचारी और अधिकारी भी पूरी तैयारी के साथ समय से पहले शाखाओं में डटे रहे, जिससे भीड़ के बावजूद कामकाज लगातार चलता रहा। दरअसल, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर गोरखपुर में रविवार को साफ तौर पर नजर आया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से बुलाई गई इस हड़ताल की प्रमुख मांग 5-day work week सहित कई अहम मुद्दे हैं। सेवाएं ठप होने की आशंका ने लोगों को पहले ही अलर्ट कर दिया, जिसके चलते रविवार को बैंक खुलते ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर कोई अपने जरूरी काम तुरंत निपटाने में जुट गया। कैश को लेकर बढ़ी टेंशन तीन दिन तक बैंक बंद रहने की संभावना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। खासतौर पर छोटे व्यापारी, दुकानदार और रोजाना नकदी पर निर्भर लोग ज्यादा परेशान नजर आए। कैश निकालने, चेक क्लियरेंस और जरूरी ट्रांजैक्शन के लिए लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती रही। कई जगहों पर ग्राहकों को लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा, लेकिन फिर भी लोग राहत महसूस कर रहे थे कि उनका काम समय रहते पूरा हो रहा है। ग्राहक बोले- अब तीन दिन की टेंशन खत्म
SBI पहुंचे आरके सिंह ने बताया कि घर के जरूरी खर्चों के लिए कैश की जरूरत थी और लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने की खबर से वे चिंतित थे। इसलिए उन्होंने रविवार को ही बैंक पहुंचकर पैसे निकाल लिए और अब उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं होगी। श्रद्धा, जो एक वर्किंग वुमन हैं, ने कहा कि सप्ताह के बाकी दिनों में ऑफिस की व्यस्तता के कारण बैंक जाना मुश्किल हो जाता है। रविवार को बैंक खुला देखकर उन्हें काफी राहत मिली और उन्होंने अपना लंबित काम आसानी से पूरा कर लिया। अक्षत अवस्थी ने बताया कि जैसे ही उन्हें जानकारी मिली कि बैंक खुले हैं, वे तुरंत पहुंच गए। उन्होंने कहा कि भीड़ जरूर थी, लेकिन बैंक की व्यवस्था अच्छी रही, जिससे उनका काम जल्दी निपट गया और अब वे निश्चिंत हैं। ATM में कैश भरने और सेवाएं बनाए रखने के निर्देश
हड़ताल को देखते हुए वित्त मंत्रालय ने सभी बैंकों को ATM में पर्याप्त कैश उपलब्ध कराने और जरूरी सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, शाखा से जुड़े काम जैसे चेक क्लियरेंस, खाता संबंधी प्रक्रियाएं और अन्य सेवाएं प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। हड़ताल के बाद और बढ़ सकती है भीड़
हड़ताल के दौरान ATM, UPI और इंटरनेट बैंकिंग सेवाएं चालू रहने की उम्मीद है, जिससे ग्राहकों को कुछ हद तक राहत मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि तीन दिन बाद जब बैंक दोबारा खुलेंगे, तब शाखाओं पर दबाव और बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे डिजिटल माध्यमों का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें और अपने जरूरी काम समय रहते निपटा लें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)