'नोएडा में बड़े पैमाने पर वोट कटवाए जा रहे':अखिलेश यादव का दावा; बोले- बीजेपी ने प्राइवेट कंपनी हायर किए हैं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एसवाई कुरैशी के बिहार और पश्चिम बंगाल में दोबारा चुनाव कराए जाने की मांग पर कहा कि कोर्ट को इस पर विचार करना चाहिए। अगर चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के सवाल उठ रहे हैं तो कोर्ट संज्ञान ले। उन्होंने भाजपा पर पूरे यूपी में वोट कटवाने का भी आरोप लगाया। कहा कि बूथ स्तर पर समाजवादियों के वोट कटवाए गए। भाजपा ने प्राइवेट कंपनी को हायर कर फार्म-7 भरवाकर वोट कटवाने का काम किया। रविवार को लखनऊ कार्यालय में सपा प्रमुख ने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 18 पहलवानों को सम्मानित भी किया। पढ़िए अखिलेश यादव के प्रेस कांफ्रेंस की प्रमुख बातें... 1- नोएडा में बड़े पैमाने पर वोट कटवाए जा रहे अखिलेश यादव ने कहा- सुना है नोएडा में बड़े पैमाने पर वोट कटवाए जा रहे हैं। इसी तरह पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर समाजवादियों के वोट कटवाए गए। फार्म-7 भरवाकर जमकर वोट कटवाए गए। लखनऊ में एक ही व्यक्ति के नाम से 100 से अधिक वोट कटवाए गए, जबकि नियमानुसार एक व्यक्ति पांच से अधिक वोट नहीं कटवा सकता। अखिलेश ने कहा कि यहीं नंदलाल निषाद को खड़ा किया गया था। उनके सिग्नेचर से वोट कटवाए गए, जबकि वह सिग्नेचर तक करना नहीं जानते थे। 2022 में अधिकारियों ने बिना किसी नियम और कानून के वोट काटे थे। 2024 में हम लोग जागरूक थे, इसलिए यूपी में हरा ले गए। 2- उपचुनाव में प्राइवेट ड्रेस में पुलिस पर लगाया वोट डालने का आरोप अखिलेश ने उपचुनाव को लेकर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में किस तरह का खेल हुआ, प्राइवेट ड्रेस में पुलिस के लोगों ने वोट डाला। उन्होंने कहा, “जो लोग मंदिर में चोरी करते हों, चढ़ावे की चोरी करते हैं, उनसे आप क्या उम्मीद करोगे।” 3- इलेक्शन कमीशन के पक्ष में जो बोल रहा वह भी घोटाले में शामिल सीएम योगी के चुनाव आयोग के पक्ष में बोलने पर अखिलेश ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री इलेक्शन कमीशन के पक्ष में बोल रहे हैं तो इसका मतलब है कि हम इलेक्शन घोटाले में मुख्यमंत्री को शामिल मानें। 4- कांग्रेस-सपा की जुबानी जंग पर बोले- ये लड़ाई सिर्फ दिखावा कांग्रेस और सपा के बीच जुबानी जंग को लेकर अखिलेश ने कहा कि हम भी अपने विरोधियों से सीख रहे हैं। यह लड़ाई सिर्फ दिखावा है। हम लोग भी उनकी ही स्ट्रेटेजी से सीखे हैं। हम साथ लड़ेंगे। हमारा एकमात्र ध्येय बीजेपी हटाओ है। 5- भाजपा हटेगी तो पानी हटेगा यूपी में जलभराव को लेकर अखिलेश ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में पानी भर रहा है तो इसकी वजह बीजेपी है। मेयर, विधायक, सांसद से लेकर सरकार तक बीजेपी की है, लेकिन शहरों की हालत देख लीजिए। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसी स्थिति कर दी है कि अब पूरे लखनऊ में पानी निकालने के लिए पंप लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा, “जब बीजेपी हटेगी तब पानी हटेगा।” 6- ज्ञानेश कुमार का दौरा रद्द होने पर बोले- अच्छा किया मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का यूपी दौरा रद्द होने पर अखिलेश ने कहा कि अच्छा किया, वरना जेन-जी अपने तरीके से विरोध करते। उन्होंने कहा कि हम इलेक्शन कमीशन के लिए कफन लेकर गए थे। ज्ञानेश कुमार के मेरठ और वाराणसी के प्रस्तावित कार्यक्रम सितंबर में स्थगित किए गए थे। चुनाव आयोग ने बाद में इसे कार्यक्रमों की तारीखों में बदलाव की सामान्य प्रक्रिया बताया था। 7- सच्चाई दिखाने पर जेल भेज देती है सरकार अखिलेश ने कहा कि यह सरकार ऐसी है कि इसे सच्चाई दिखा दो तो जेल भेज देती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बागपत के एक व्यक्ति को दो दिन तक थाने में गैरकानूनी ढंग से रखा गया। उस व्यक्ति को राष्ट्रपति से सम्मान मिल चुका है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर से इतने वीडियो आए हैं कि अब किसी पर कार्रवाई नहीं कर पाएंगे। ---------------- ये खबर भी पढ़ें… कुशीनगर में 12 साल की बच्ची की हार्ट-अटैक से मौत, स्कूल में बैठे-बैठे गिरी कुशीनगर में 12 साल की छात्रा की मौत हार्ट अटैक से हुई है। वह स्कूल में बैठे-बैठे अचानक फर्श पर गिर गई थी। यह खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। डीएम के निर्देश पर दो दिन बाद शुक्रवार को छात्रा का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया। पूरी खबर पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)