गोरखपुर नगर आयुक्त ने लगाई अधिकारियों को फटकार:वार्ड-35 में सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, सुपरवाइजर का वेतन रोका
नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार को वार्ड संख्या-35 जंगल सालिक राम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड में चल रहे निर्माण कार्यों, जल निकासी, नालों की स्थिति, सफाई व्यवस्था और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन का जायजा लिया। सफाई और कूड़ा उठान की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई सुपरवाइजर मोहम्मद इदरीश का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पार्षद सुधीर यादव, अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता निर्माण एवं जलकल, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नालों की गहराई और निर्माण कार्य की जांच नगर आयुक्त ने वार्ड में जल निकासी के लिए कराए जा रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अलग-अलग स्थानों पर नालों की गहराई और निर्माण की गुणवत्ता देखी। संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुसार बनाए रखने के निर्देश दिए। निषाद पार्टी कार्यालय के पास नाले की स्थिति भी नगर आयुक्त ने देखी। यहां उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अभियंता से बातचीत कर नाले की स्थिति जल्द ठीक कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। पार्क और सड़कों के निर्माण के निर्देश वार्ड की जरूरतों को देखते हुए नगर आयुक्त ने पार्क और अन्य जरूरी स्थानों पर सड़क निर्माण कराने के निर्देश दिए। शताब्दीपुरम क्षेत्र में निर्माण खंड-2 से समन्वय स्थापित कर पैचिंग का काम जल्द पूरा कराने को कहा गया। उन्होंने नालों के निर्माण के दौरान लगी शटरिंग और आसपास पड़ी निर्माण सामग्री व मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि नालों की सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी में किसी तरह की बाधा न हो। पादरी बाजार का पुराना शौचालय होगा विकसित निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने पादरी बाजार चौराहे पर स्थित पुराने शौचालय को जरूरत के अनुसार आकांक्षी शौचालय के रूप में विकसित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा पोखर के सुंदरीकरण और आसपास स्थित पार्कों को दुरुस्त कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन पर जताई नाराजगी वार्ड में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था भी नगर आयुक्त को संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कूड़ा कलेक्शन से जुड़े ड्राइवरों के रजिस्टर की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कूड़ा कलेक्शन के साथ ही राजस्व वसूली बढ़ाने पर भी जोर दिया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि कूड़ा उठाने वाली सभी गाड़ियां निर्धारित समय पर वार्ड में पहुंचें। प्रत्येक गाड़ी से दो से तीन चक्कर लगवाकर कूड़ा जीटीएस पर डंप कराया जाए। सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर सुपरवाइजर का वेतन रोका वार्ड में सफाई व्यवस्था भी नगर आयुक्त को संतोषजनक नहीं मिली। इस पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रति नाराजगी जताई। सफाई व्यवस्था में लापरवाही को देखते हुए सफाई सुपरवाइजर मोहम्मद इदरीश का वेतन अग्रिम आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच करने को कहा। साथ ही कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के समय से वार्ड में नहीं पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। जनसुविधाओं के काम समय से पूरे कराने के निर्देश नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वार्ड में सफाई, जल निकासी और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा कराने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने को कहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)