गोरखपुर पहुंची वाल्मीकिनगर की बाघिन:हेल्थ चेकअप के बाद किया गया एयरलिफ्ट, एयरफोर्स विमान से शिफ्ट हुई बंगाल

Oct 02, 2026 - 11:13
0
गोरखपुर पहुंची वाल्मीकिनगर की बाघिन:हेल्थ चेकअप के बाद किया गया एयरलिफ्ट, एयरफोर्स विमान से शिफ्ट हुई बंगाल
बिहार के वाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व की करीब चार साल की बाघिन को सबसे पहले कड़ी सुरक्षा के बीच गोरखपुर लाया गया, जहां इस पूरे ऑपरेशन का सबसे अहम चरण पूरा किया गया। गोरखपुर में ही बाघिन का स्वास्थ्य परीक्षण, कागजी प्रक्रिया और एयरलिफ्टिंग की तैयारी पूरी की गई, जिसके बाद उसे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व भेजा गया। दरअसल, वन विभाग की टीम ने 29 सितंबर को बाघिन को वाल्मीकिनगर से सड़क मार्ग के जरिए गोरखपुर पहुंचाया। पूरे रास्ते सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे और हर पल निगरानी रखी गई। गोरखपुर पहुंचते ही बाघिन को सुरक्षित एनक्लोजर में रखा गया, जहां विशेषज्ञों की टीम पहले से तैनात थी। एयरफोर्स विमान से किया गया शिफ्ट गोरखपुर में पशु चिकित्सकों की टीम ने बाघिन का गहन स्वास्थ्य परीक्षण किया। ट्रांसफर से पहले उसे बेहोश किया गया, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह का खतरा न हो। इसके साथ ही सभी जरूरी कागजी प्रक्रिया और अनुमति भी यहीं पूरी की गई। सभी तैयारियों के बाद 30 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे बाघिन को गोरखपुर एयरपोर्ट ले जाया गया। यहां से भारतीय वायुसेना के विशेष विमान में उसे सावधानीपूर्वक लोड किया गया और बक्सा टाइगर रिजर्व के लिए रवाना कर दिया गया। गोरखपुर बना ऑपरेशन का ‘कमांड सेंटर’ पूरे ऑपरेशन में गोरखपुर सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित हुआ, जहां से बाघिन की सुरक्षा, इलाज और ट्रांसफर की पूरी प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, बाघिन को बेहतर संरक्षण और अनुकूल वातावरण देने के लिए यह कदम उठाया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User