गोरखपुर पुलिस लाइन में SSP ने दी श्रद्धांजलि:ट्रक की चपेट में आने से ड्यूटी में तैनात सिपाही की मौत हुई थी
गोरखपुर में शुक्रवार को एक सिपाही की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस हादसे के बाद शनिवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मृति स्थल पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जहां SSP सहित अन्य अधिकारियों ने दिवंगत सिपाही के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। SSP ने सिपाही की सेवा और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस कठिन घड़ी में पूरी गोरखपुर पुलिस उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक उत्तरी, पुलिस अधीक्षक अपराध, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक सहित भारी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर अपने जांबाज साथी को अंतिम नमन किया। सीओ कार्यालय से कागजात लेकर जा रहे थे झंगहा थाना
बलिया जिले के निवासी अर्जुन गौड़ पुत्र तेज प्रताप गौड़ झंगहा थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे वह चौरी चौरा स्थित सीओ कार्यालय से कुछ सरकारी कागजात लेकर झंगहा थाने जा रहे थे। इसी दौरान देवीपुर गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सिपाही को इलाज के लिए एम्स अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिपाही की मौत की खबर मिलते ही कई पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। एक साल पहले झंगहा थाने पर हुआ था तबादला
अर्जुन गौड़ करीब दो साल तक चौरी चौरा थाने में तैनात रहे थे। लगभग एक साल पहले उनका तबादला झंगहा थाने में हो गया था। उनका परिवार चौरी चौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में ही रहता था। वह चौरी चौरा से झंगहा थाने आना-जाना करते थे। पत्नी और दो बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
अर्जुन गौड़ की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उनकी पत्नी और दो बच्चे चौरी चौरा थाना परिसर स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)