गोविन्द नगर मे 11वीं की छात्रा ने लगाई फांसी:नहाने की बात कहकर कमरे में गई, छोटा भाई बुलाने पहुंचा तो शव लटका मिला

Oct 04, 2026 - 13:58
0
गोविन्द नगर मे 11वीं की छात्रा ने लगाई फांसी:नहाने की बात कहकर कमरे में गई, छोटा भाई बुलाने पहुंचा तो शव लटका मिला
कानपुर के गोविंद नगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्ती में रविवार देर शाम 11वीं कक्षा की छात्रा ने घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर छोटा भाई उसे बुलाने पहुंचा। कमरे में बहन का शव पंखे के सहारे दुपट्टे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी छात्रा के पिता को दी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दी। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नहाने की बात कहकर ऊपर गई थी राधिका गोविंद नगर की कच्ची बस्ती निवासी बृजभूषण लोडर चालक हैं। परिवार में पत्नी नीलम, 15 वर्षीय बेटी राधिका और बेटा जय किशन हैं। परिजनों के मुताबिक रविवार सुबह बृजभूषण रोज की तरह लोडर लेकर काम पर चले गए थे। शाम करीब पांच बजे नीलम बाजार से सामान लेने चली गईं। इस दौरान बेटा जय किशन घर में बनी दुकान पर बैठा था। परिजनों के मुताबिक इसी दौरान राधिका ने भाई से कहा कि वह ऊपर बाथरूम में नहाने जा रही है। इसके बाद वह कमरे में चली गई। काफी देर तक जब राधिका नीचे नहीं आई तो जय किशन ने उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। कई बार आवाज लगाने के बाद भी प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर वह ऊपर कमरे में पहुंचा। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर जय किशन के होश उड़ गए। राधिका दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई थी। भाई की चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी राधिका के पिता को फोन पर दी। कुछ ही देर में बृजभूषण घर पहुंचे तो बेटी का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य परिजनों ने घटना की सूचना 112 नंबर पर पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही गोविंद नगर थाने की पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर होगी कार्रवाई गोविंद नगर थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि छात्रा की मौत के मामले में अभी परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप भी नहीं लगाया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User