गृहकर वृद्धि के खिलाफ परिषद ने खोला मोर्चा:संभल में राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद ने आंदोलन की चेतावनी दी
सम्भल नगर पालिका परिषद की ओर से गृहकर में की गई कई गुना वृद्धि को लेकर लोगों में बढ़ती नाराजगी के बीच राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार दोपहर 12 बजे हल्लू सराय स्थित परिषद के प्रशासनिक कार्यालय में हुई बैठक में गृहकर वृद्धि को लेकर असंतोष जताया गया। परिषद ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट आधार और पारदर्शी प्रक्रिया के गृहकर में पांच गुना से अधिक वृद्धि कर आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला गया है। परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज सम्भली ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के सर्वे के दौरान कर्मचारियों की मनमानी की शिकायतें सामने आई हैं। भवनों के वास्तविक निर्माण मूल्यांकन और भवन स्वामियों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखे बिना गृहकर निर्धारित किया गया। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के सामने बढ़ा हुआ कर जमा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद नगर पालिका की ओर से गृहकर वृद्धि का आधार और निर्धारण का स्पष्ट मापदंड नहीं बताया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट और मंडलायुक्त को दे चुके ज्ञापन शाहनवाज सम्भली ने बताया कि परिषद इस मामले में पहले ही सिटी मजिस्ट्रेट और मंडलायुक्त को ज्ञापन दे चुकी है। मामले की जांच भी हुई, लेकिन परिषद के मुताबिक समस्या का अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जब तक कर निर्धारण की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं होगी, तब तक जनता में असंतोष बना रहेगा। घर-घर जाकर चलाएंगे हस्ताक्षर अभियान परिषद ने अब इस मुद्दे को जनअभियान से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। शाहनवाज सम्भली ने कहा कि गृहकर वृद्धि में सुधार कर जनता को राहत नहीं दी गई तो परिषद घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेगी और हस्ताक्षर अभियान चलाएगी। हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन नगर विकास मंत्री अरविन्द कुमार को सौंपा जाएगा। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष के.के. मिश्र ने की। संचालन डी.पी. शर्मा ने किया। इस दौरान शाहिद हुसैन, मौ. अली, अमित गौतम, अनीस अहमद, जितेन्द्र मिश्रा और हाजी हाशिम अली समेत कई लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)