ज्ञानेश कुमार गरीबों के वोट–काटकर भाजपा को पहुंचा रहे फायदा:अजय राय बोले आगरा समेत कई जिलों में कार्यकर्ताओं पर FIR, CCTV फुटेज सार्वजनिक करें
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि चुन-चुनकर गरीबों और कमजोर वर्ग के लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे जा रहे हैं। आरोप लगाया कि यह सब भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजय राय ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे देश में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी के दौरे का जिक्र करते हुए दावा किया कि यमुना किनारे झुग्गियों में रहने वाले 730 लोगों में से 729 के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। ‘75 जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया’ अजय राय ने कहा कि कांग्रेस ने सोमवार को प्रदेश के सभी 75 जिलों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। उनके मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान न तो मारपीट हुई, न तोड़फोड़ और न ही सरकारी काम में बाधा पहुंचाई गई। किसी पुलिस वाहन या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। इसके बावजूद कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए। अजय राय ने दावा किया कि आगरा में कार्यकर्ताओं पर हत्या के प्रयास, दंगा और लोक सेवकों को चोट पहुंचाने समेत नौ गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। उन्होंने कहा, “सरकार में दम है तो CCTV फुटेज दिखाए। देखें कि कांग्रेस कार्यकर्ता किसके घर में घुसे और किसे चोट लगी।” आगरा, कासगंज, सहारनपुर और गोरखपुर में FIR का दावा अजय राय ने कहा कि आगरा के अलावा कासगंज में 7, सहारनपुर में 8 और गोरखपुर में 9 धाराओं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों से भी मुकदमों की जानकारी सामने आ रही है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को मुकदमे दर्ज कर जेल भेजा गया है, कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और कानूनी मदद करेगी। ‘बनारस में वेबसाइट बंद कराकर मोदी को जिताया’ अजय राय ने वाराणसी लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि “बनारस में इन्हीं ज्ञानेश कुमार ने मोदी को हार से बचाया। वेबसाइट को घंटों बंद कराकर मोदी को जिताया गया।” उन्होंने कहा कि वाराणसी के लोग जानना चाहते हैं कि वेबसाइट क्यों बंद हुई थी। कांग्रेस ने इसकी जांच कराने की मांग की। ‘सरकार लोकतंत्र खत्म करना चाहती है’ अजय राय ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कहा, “हम लड़ेंगे और लोकतंत्र की हत्या करने वालों के खिलाफ संघर्ष करेंगे।” उन्होंने दावा किया कि 2023 में ऐसा कानून बदला गया, जिससे मुख्य चुनाव आयुक्त को गलत काम करने में मदद मिल सके। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इस कानून को बदला जाएगा और इसके लिए महाभियोग की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के मोर्चे पर भी हमला बोला। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक वाराणसी में ई-रिक्शा बांट रहे हैं, जबकि सरकार पूरी तरह फेल हो चुकी है। अभय दुबे बोले- जहां भाजपा कमजोर, वहां SIR में गड़बड़ी नहीं करा पाई कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अभय दुबे ने SIR को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। पत्रकार के सवाल के जवाब में उन्होंने केरल का जिक्र करते हुए कहा कि जहां भाजपा का आधार कमजोर है, वहां SIR में गड़बड़ी नहीं कराई जा सकी। पूर्व मंत्री डॉ. सीपी राय ने कहा कि सरकार पूरी तरह अलोकतांत्रिक और संविधान विरोधी काम कर रही है। जनता समय आने पर इसका जवाब देगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया विभाग के चेयरमैन कुंवर सिंह निषाद, वाइस चेयरमैन प्रियंका गुप्ता और संजीव कुमार सिंह, प्रवक्ता डॉ. अलीमुल्ला खान, सिद्धिश्री, मान सिंह चौहान, अमर हबीबुल्लाह, लखनऊ जिला कांग्रेस अध्यक्ष रुद्रदमन सिंह बबलू और प्रदेश कांग्रेस के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)