ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मेरठ में कांग्रेसियों का हल्लाबोल:गली गली में शोर है, ज्ञानू चाचा चोर है के लगाए नारे, बुलेट पर पहुंची पूनम पंडित

Oct 08, 2026 - 14:06
0
ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मेरठ में कांग्रेसियों का हल्लाबोल:गली गली में शोर है, ज्ञानू चाचा चोर है के लगाए नारे, बुलेट पर पहुंची पूनम पंडित
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ गुरुवार को मेरठ में कांग्रेस महानगर कमेटी की तरफ से हल्लाबोल किया गया। कांग्रेस नेताओं ने दोपहर लगभग 12 बजे कलेक्ट्रेट के बाहर एकजुट होकर प्रदर्शन किया। कांग्रेसियों ने कहा कि गली गली में शोर है ज्ञानू चाचा चोर है। ज्ञानेश कुमार को हटाओ और देश को बचाओ जैसे नारे लगाते हुए कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। काफी देर तक कांग्रेस नेताओं और पुलिस के बीच बहस चलती रही। अंत में कांग्रेसियों ने ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन दिया। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने आज पूर्वी कचहरी स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रस नेत्री पूनम पंडित बुलेट चलाकर हेलमेट लगाकर प्रदर्शन में शामिल होने पहुंची। पूनम के हेलमेट पर लड़की हूं लड़ सकती हूं का स्लोगन लिखा था। पहले टोल प्लाजा पर पुलिस ने पूनम पंडित को रोक लिया बाद में किसी तरह वो कचहरी पर पहुंची। कांग्रेस नेताओं के साथ दुर्व्यवहार पर जताया गुस्सा प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस प्रवक्ता हरिकिशन वर्मा व पीसीसी सदस्य अनिरुद्ध त्यागी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी, कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी जी तथा INDIA गठबंधन के सांसदों के साथ किए गए कथित दुर्व्यवहार और लाठीचार्ज के विरोध में भी अपना आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा के विरोध में लगाए नारे प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे—“गली-गली में शोर है, ज्ञानेश चोर है।” “ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में हुए सभी चुनाव अवैध घोषित करो।” “लोकतंत्र बचाओ, भारत बचाओ।” “वोट चोर कहाँ मिलेंगे—भाजपा के दफ्तर में।” लोकतंत्र की हत्या बंद करो।” जैसे नारे लगाए। विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा ठाकुर तेजवीर सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के बजाय जनता के सवालों का जवाब दे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। विपक्षी नेताओं और सांसदों के साथ बल प्रयोग लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। पूनम पंडित ने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता और संविधान की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि जनता के वोट की ताकत से ही सरकारें बनती हैं और उसी वोट की रक्षा सबसे जरूरी है। ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त किया जाए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा। काफी कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने प्रदर्शन से पहले ही हाउस अरेस्ट कर लिया था। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से बर्खास्त किया जाए, उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की निष्पक्ष समीक्षा एवं जांच कराई जाए तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User