हादसे में घायल महिला ने पुलिस से लगाई गुहार:इलाज खर्च का वादा कर आरोपी ने एफआईआर रोकी, अब दे रहा धमकियां

Oct 13, 2026 - 14:07
0
हादसे में घायल महिला ने पुलिस से लगाई गुहार:इलाज खर्च का वादा कर आरोपी ने एफआईआर रोकी, अब दे रहा धमकियां
मुरादाबाद में मझोला थाना क्षेत्र के काशीराम नगर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद इलाज का खर्च उठाने का वादा कर मुकरे आरोपी और उसके साथियों पर अब पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित पति ने पुलिस प्रशासन को शिकायती पत्र देकर न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई है। काशीराम नगर (डी-ब्लॉक, मकान संख्या डी-208) निवासी राजीव वर्मा ने बताया कि बीते 17 सितंबर को उनकी पत्नी शालिनी वर्मा न्यू डे मार्ट के पास खड़ी थीं। इसी दौरान सम्राट अशोक नगर निवासी अरुण कुमार ने अपनी टीवीएस लूना (UP-21 DM-4057) को लापरवाही से चलाते हुए उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शालिनी वर्मा के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया, जहाँ से हालत गंभीर होने पर उन्हें बी.एम.सी. अस्पताल और फिर कोठीवाल डेंटल अस्पताल मुरादाबाद रेफर किया गया। महिला की स्थिति इतनी नाजुक थी कि डॉक्टरों को उनके सिर का बड़ा ऑपरेशन करना पड़ा। ऑपरेशन के दौरान उनके सिर की एक हड्डी को सुरक्षित रखने के लिए अस्थाई रूप से पेट में डाला गया, जिसे करीब तीन महीने बाद दोबारा ऑपरेशन करके सिर में वापस लगाया जाना था। पीड़ित के अनुसार, दुर्घटना के समय सिरकोह भूड़ पुलिस चौकी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें अरुण कुमार ने इलाज का पूरा खर्च उठाने का वादा किया था। लेकिन जब उसे दूसरे बड़े ऑपरेशन और भारी-भरकम खर्च की जानकारी हुई, तो वह अपने वादे से पूरी तरह मुकर गया। पीड़ित का यह भी आरोप है कि स्थानीय चौकी इंचार्ज ने इस मामले में उचित कार्रवाई करने के बजाय आरोपी पक्ष का समर्थन किया, जिसके कारण एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। मामला तब और गंभीर हो गया जब 9 अक्टूबर की रात करीब 9:30 बजे पीड़ित के पास रोहित नाम के एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने इलाज के लिए पैसे मांगने पर राजीव वर्मा के छोटे भाई पंकज वर्मा को जान से मारने की धमकी दी। जब पीड़ित के बहनोई तीर्थ सिंह ने आरोपी के भाई रवि यादव से मदद की गुहार लगाई, तो उसने भी साफ इनकार कर दिया और फोन पर बदतमीजी की। पीड़ित परिवार ने अब उच्चाधिकारियों से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपने परिवार के लिए सुरक्षा की मांग की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User