प्रतापगढ़ में 325 ग्राम प्रहरियों को मिली साइकिल और किट:मुख्यमंत्री योगी की पहल पर सदर विधायक ने किया वितरण, ड्यूटी में मिलेगी सहूलियत
प्रतापगढ़ के पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार दोपहर 12:00 के करीब ग्राम प्रहरियों को साइकिल और आवश्यक सामग्री से युक्त किट वितरित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बरेली से इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके क्रम में प्रतापगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में 325 ग्राम प्रहरियों को साइकिल और किट प्रदान की गई, ताकि उन्हें अपने कर्तव्यों के निर्वहन और गांवों में आवागमन में सुविधा मिल सके। कार्यक्रम में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मुख्यमंत्री के लाइव संबोधन को सुना। विधायक ने कहा कि शारदीय नवरात्र के तृतीय दिवस पर ग्राम प्रहरियों को साइकिल और किट उपलब्ध कराने की यह पहल स्वागत योग्य है। इससे ग्राम प्रहरी अपने दायित्वों का निर्वहन अधिक सुगमता से कर सकेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्राम प्रहरियों के वेतन में वृद्धि करने के साथ उनकी चिकित्सा सुविधाओं को भी बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रही है। विकसित और आत्मनिर्भर भारत की पहली कड़ी गांव हैं। ऐसे में गांवों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रहरियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है। विशिष्ट अतिथि विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए ग्राम प्रहरियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने में ग्राम प्रहरी अहम भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशीष श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि शेष ग्राम प्रहरियों को भी क्रमबद्ध तरीके से आवश्यक सुविधाओं से आच्छादित करने की योजना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)