हाईकोर्ट बार चुनाव के छठवें दिन 9405 मतपत्र गिने गए:लाइब्रेरी हॉल और न्यू कमेटी रूम में हुई गिनती, 30 सितंबर को भी जारी रहेगी
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन इलाहाबाद के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना के छठवें दिन मंगलवार को 9405 मतपत्रों की गिनती पूरी हुई। चुनाव समिति की ओर से जारी सूचना के अनुसार मंगलवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लाइब्रेरी हॉल में मतपत्र संख्या-2 के 5449 और पं. केशव प्रसाद मिश्र अध्ययन कक्ष (न्यू कमेटी रूम) में मतपत्र संख्या-3 के 3956 मतपत्रों की गिनती की गई। मतपत्र संख्या-2 में वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव प्रशासन पद के लिए मतदान हुआ था। वहीं मतपत्र संख्या-3 में संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, संयुक्त सचिव प्रेस एवं कोषाध्यक्ष (पुरुष) पद के प्रत्याशियों के मत शामिल हैं। मंगलवार को दोनों मतपत्रों की गिनती के बाद संबंधित पदों की विस्तृत स्थिति चुनाव समिति की ओर से जारी की गई है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 17 सितंबर 2026 को कराया गया था। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत मतगणना शुरू हुई। मतगणना के दौरान अधिवक्ता राहुल पांडेय के निधन के बाद दो दिन के लिए प्रक्रिया रोक दी गई थी। अध्यक्ष और महासचिव पद के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं, जबकि अन्य पदों की मतगणना जारी है। चुनाव समिति ने बताया कि 30 सितंबर बुधवार को भी सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतपत्र संख्या-2 और मतपत्र संख्या-3 की गिनती जारी रहेगी। इस दौरान लाइब्रेरी हॉल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संयुक्त सचिव प्रशासन तथा पं. केशव प्रसाद मिश्र अध्ययन कक्ष में संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, संयुक्त सचिव प्रेस एवं कोषाध्यक्ष (पुरुष) पद के मतपत्रों की गिनती की जाएगी। मंगलवार की मतगणना में मुख्य चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी के साथ चुनाव अधिकारी वशिष्ठ तिवारी, जेबी सिंह, राजकुमार शुक्ला, लक्ष्मीकांत मिश्रा और अनुभव शुक्ला समेत चुनाव अधिकारियों की टीम मौजूद रही। चुनाव समिति के मुताबिक मतगणना की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे भी जारी रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)