हाईकोर्ट-बार चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव पद पर कांटे की टक्कर:तीसरे दिन 6425 मतपत्रों की गिनती, अध्यक्ष पद पर 7 वोटों का अंतर

Sep 24, 2026 - 18:30
0
हाईकोर्ट-बार चुनाव में अध्यक्ष, महासचिव पद पर कांटे की टक्कर:तीसरे दिन 6425 मतपत्रों की गिनती, अध्यक्ष पद पर 7 वोटों का अंतर
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना गुरुवार को तीसरे दिन भी जारी रही। हाईकोर्ट के लाइब्रेरी हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 4:45 बजे तक अध्यक्ष और महासचिव पद के कुल 6425 मतपत्रों की गिनती पूरी हुई। अध्यक्ष पद पर पीसी श्रीवास्तव और सीपी उपाध्याय के बीच मुकाबला बेहद करीबी है। वहीं, महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्रा, राय साहब यादव से आगे चल रहे हैं। गुरुवार को हुई मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव को 1543 वोट मिले हैं। चंद्र प्रकाश उपाध्याय 1536 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों प्रत्याशियों के बीच सिर्फ सात वोटों का अंतर है। राधाकांत ओझा 1334 वोट के साथ तीसरे और अशोक कुमार सिंह 1181 वोट के साथ चौथे स्थान पर हैं। महासचिव पद पर संतोष कुमार मिश्रा को अब तक 2104 वोट मिले हैं। राय साहब यादव 1935 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। दोनों के बीच 169 वोटों का अंतर है। शशि प्रकाश सिंह 577 वोट के साथ तीसरे स्थान पर हैं। मतगणना के आंकड़ों से साफ है कि अध्यक्ष पद पर मुकाबला बहुत करीबी है, जबकि महासचिव पद पर भी मुख्य दावेदारों के बीच वोटों का अंतर बना हुआ है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव 17 सितंबर को हाईकोर्ट के क्रिकेट ग्राउंड पर हुआ था। इसके बाद 22 सितंबर से लाइब्रेरी हॉल में वोटों की गिनती शुरू हुई। चुनाव समिति के मुताबिक, शुक्रवार 25 सितंबर को भी सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक मतों की गिनती जारी रहेगी। बचे हुए मतपत्रों की गिनती पूरी होने के बाद ही अंतिम परिणाम साफ होगा। मतगणना खत्म होने के बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव और वर्तमान चुनाव अधिकारी जेबी सिंह की पत्नी के निधन की खबर से माहौल उदास हो गया। चुनाव समिति और वहां मौजूद वकीलों ने दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। मतगणना के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता सैय्यद फरमान अहमद नकवी, वशिष्ठ तिवारी, लक्ष्मी कान्त मिश्र, राजकुमार शुक्ला और अनुभव शुक्ला समेत कई वकील मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User