प्राचार्य भर्ती परीक्षा में 88.81 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल:एडेड महाविद्यालयों के 111 पदों के लिए लखनऊ में हुई लिखित परीक्षा

Sep 24, 2026 - 18:30
0
प्राचार्य भर्ती परीक्षा में 88.81 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल:एडेड महाविद्यालयों के 111 पदों के लिए लखनऊ में हुई लिखित परीक्षा
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पदों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की। यह परीक्षा बुधवार को लखनऊ के दो केंद्रों पर हुई। सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक चली परीक्षा में 88.81 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा की ऑनलाइन निगरानी आयोग के प्रयागराज कार्यालय से सीसीटीवी के जरिए की गई। प्राचार्य के 111 पदों पर भर्ती के लिए आयोग ने जुलाई में नोटिफिकेशन जारी किया था। योग्य उम्मीदवारों ने 21 जुलाई से 27 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन किए थे। इस परीक्षा के लिए कुल 813 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 722 ने परीक्षा दी। खास बात यह रही कि महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति पुरुषों से ज्यादा रही। महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 90.36 प्रतिशत और पुरुष परीक्षार्थियों की 88.36 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए गए थे। आयोग मुख्यालय, प्रयागराज में एक 'एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम' बनाया गया था। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, सभी सदस्य, सचिव, परीक्षा नियंत्रक और उपसचिव की मौजूदगी में इस कमांड रूम से लखनऊ के दोनों केंद्रों की निगरानी की गई। परीक्षा कक्षों में लगे एआई कैमरों से अभ्यर्थियों की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। इससे पूरी परीक्षा निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में संपन्न हुई। स्थानीय जिला प्रशासन और पुलिस ने भी परीक्षा के सफल संचालन में सहयोग किया। भर्ती प्रक्रिया में विज्ञापन जारी करने से लेकर परीक्षा कराने तक तेजी से काम हुआ है। उम्मीद है कि अगले एक-दो महीने में इसका परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User