हाईकोर्ट बार चुनाव में शिवांगी और उष्मा ने जीते पद:महिला संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए मतगणना पूरी, अदिति पांडेय को सबसे ज्यादा वोट

Oct 08, 2026 - 19:39
0
हाईकोर्ट बार चुनाव में शिवांगी और उष्मा ने जीते पद:महिला संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए मतगणना पूरी, अदिति पांडेय को सबसे ज्यादा वोट
इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन (HCBA) के वार्षिक चुनाव 2026-27 की मतगणना गुरुवार को 14वें दिन भी जारी रही। 8 अक्टूबर को कई अहम पदों के वोटों की गिनती पूरी की गई। महिला पदों के परिणाम में संयुक्त सचिव पद पर शिवांगी भार्गव (शिवांगी तिवारी) और कोषाध्यक्ष पद पर उष्मा मिश्रा (नेता जी) ने सबसे ज्यादा वोट हासिल किए। मुख्य चुनाव अधिकारी वरिष्ठ अधिवक्ता एसएफए नकवी के अनुसार, लाइब्रेरी हॉल में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपाध्यक्ष पुरुष के चार और उपाध्यक्ष महिला के दो पदों के लिए कुल 8820 मतपत्रों की गिनती की गई। वहीं, पंडित केएन मिश्रा अध्ययन कक्ष में संयुक्त सचिव महिला, कोषाध्यक्ष महिला और कार्यकारिणी सदस्य महिला के पदों के लिए कुल 10,033 मतपत्र गिने गए। संयुक्त सचिव महिला पद पर शिवांगी भार्गव ने सबसे ज्यादा 2621 वोट हासिल किए। दूसरे स्थान पर उदीशा त्रिपाठी को 2530 वोट मिले, जबकि कविता तोमर को 2355 वोट मिले। कोषाध्यक्ष महिला पद पर उष्मा मिश्रा ने बड़ी बढ़त बनाई। उन्हें 3720 वोट मिले। उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी आराधना सिंह को 2836 वोट मिले। वहीं, कार्यकारिणी सदस्य महिला के पांच पदों के लिए भी मतगणना पूरी हो गई। इसमें अदिति पांडेय ने 4822 वोट हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वंदना सिंह 4700 वोट के साथ दूसरे, दिव्या यादव 3094 वोट के साथ तीसरे, सोनी गुप्ता 2874 वोट के साथ चौथे और दुर्गा कुमारी 2431 वोट के साथ पांचवें स्थान पर रहीं। चुनाव समिति के मुताबिक, शुक्रवार 9 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से पंडित केएन मिश्रा अध्ययन कक्ष में कार्यकारिणी सदस्य पुरुष के 10 पदों के लिए मतगणना शुरू होगी। सभी प्रत्याशियों से मतगणना शुरू होने से पहले कक्ष में मौजूद रहने को कहा गया है। गुरुवार की मतगणना के दौरान मुख्य चुनाव अधिकारी एसएफए नकवी के साथ लक्ष्मी कान्त मिश्रा, वशिष्ठ तिवारी, राजकुमार शुक्ला और अनुभव शुक्ला समेत अन्य चुनाव अधिकारी मौजूद रहे। मतगणना प्रक्रिया को लगातार पारदर्शी तरीके से पूरा कराया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User