लखनऊ मेयर बाढ़ प्रभावित इलाकों में नाव से पहुंचीं:45 बीघा सरकारी जमीन पर प्लॉटिंग की जांच के निर्देश, राहत सामग्री की भी परखी व्यवस्था
लखनऊ में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्यों का जायजा लेने के लिए मेयर सुषमा खर्कवाल ने नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। मेयर के निरीक्षण के दौरान पार्षद रोशनी रावत ने गोमती नदी के किनारे 45 बीघा नगर निगम की सरकारी जमीन पर भूखंड काट कर बेचने की शिकायत की। मेयर ने साथ में मौजूद नगर आयुक्त गौरव कुमार को नगर निगम की जमीन पर भूखंड काटने की जांच के निर्देश दिए। महापौर के इस निर्देश से नगर निगम के अफसरों में भी हड़कंप मच गया। इससे पहले मेयर नाव से हयात नगर, सेहठा गांव और गुल्मी खेड़ा पहुंचीं। इससे पहले जोन-3 के लोहरामऊ, फैजुल्लागंज, दाउद नगर और मिल्लत नगर का भी जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों को भोजन के पैकेट, पीने का पानी और जरूरी दवाएं बांटी गईं। हेल्थ कैंप में दवाओं का स्टॉक देखा मेयर ने बाढ़ प्रभावित इलाके में लगाए गए हेल्थ कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों और हेल्थ टीम से दवाओं और इलाज की व्यवस्था की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को समय पर इलाज और दवाएं मिलनी चाहिए। स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए। कंट्रोल रूम से लिया राहत कार्यों का अपडेट मेयर ने बाढ़ प्रभावित इलाकों के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कर्मचारियों से लोगों की शिकायतों और राहत कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम में आने वाली हर सूचना पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। खुद खाना चखकर जांची क्वालिटी बाढ़ प्रभावित लोगों को दिए जा रहे खाने की क्वालिटी जांचने के लिए मेयर ने नगर आयुक्त के साथ खुद खाना चखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को तीनों समय साफ-सुथरा और पौष्टिक खाना दिया जाए। खाने की क्वालिटी और वितरण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेयर ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सबसे जरूरी है। प्रभावित इलाकों में भोजन, पीने का पानी, दवाएं और दूसरी जरूरी सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराई जाएं। राहत और बचाव कार्य में नगर निगम के साथ जिला प्रशासन, NDRF, SDRF, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग और पुलिस की टीमें लगी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)