प्रयागराज कमिश्नर ने आईईआरटी का किया औचक निरीक्षण:संस्थान में खामियां पर मिलने पर निदेशक को कारण बताओ नोटिस

Oct 08, 2026 - 19:39
0
प्रयागराज कमिश्नर ने आईईआरटी का किया औचक निरीक्षण:संस्थान में खामियां पर मिलने पर निदेशक को कारण बताओ नोटिस
प्रयागराज कमिश्नर डॉ. लोकेश एम. ने बृहस्पतिवार को इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड रूरल टेक्नोलॉजी (आईईआरटी) परिसर का औचक निरीक्षण किया। वह इस इंस्टीट्यूट के पदेन अध्यक्ष भी है। निरीक्षण के दौरान कक्षाओं एवं प्रयोगशालाओं में भारी कमियां और साफ-सफाई व रखरखाव का स्तर असंतोषजनक मिलने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए संस्थान के निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही बुनियादी ढांचे के विकास और आवश्यक सुधार के प्रस्ताव शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण की शुरुआत में मंडलायुक्त ने कक्षाओं और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की प्रयोगशालाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षणिक प्रगति, तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक ज्ञान का आकलन किया। प्रयोगशालाओं में रखे विभिन्न उपकरणों के नाम, उपयोग और कार्यप्रणाली से जुड़े प्रश्न पूछकर उन्होंने विद्यार्थियों की व्यावहारिक समझ को परखा। संतोषजनक उत्तर देने वाले मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने सभी को विषय की गहरी समझ और प्रयोगात्मक दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कक्षाओं एवं व्याख्यान कक्षों में भी उन्होंने तकनीकी विषयों पर चर्चा कर अध्ययन के प्रति पूरी तरह गंभीर रहने का संदेश दिया। निदेशक को कारण बताओ नोटिस और कड़े निर्देश निरीक्षण के दौरान परिसर की साफ-सफाई, भवनों, प्रयोगशालाओं और शौचालयों की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। कई स्थानों पर साफ-सफाई और रखरखाव का स्तर अपेक्षित स्तर से काफी कम पाए जाने पर मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। इसी के चलते संस्थान के निदेशक को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए प्राथमिकता के आधार पर सफाई, मरम्मत और नवीनीकरण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त, आधारभूत संरचना (इन्फ्रास्ट्रक्चर) के उन्नयन के लिए जिन कार्यों हेतु बजट या आवश्यक अनुमोदन की आवश्यकता है, उनके प्रस्ताव तैयार कर यथाशीघ्र प्रस्तुत करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। मंडलायुक्त ने युवाओं को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना सहित केंद्र और प्रदेश सरकार की रोजगारपरक योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण एवं रोजगार के उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। बदलती हुई औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को सक्षम बनाने के लिए निरंतर तैयार रहने पर विशेष बल दिया गया। नागरिक बोध, मौलिक कर्तव्यों और स्वच्छता का संदेश तकनीकी शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों पर जोर देते हुए मंडलायुक्त ने विद्यार्थियों को मौलिक कर्तव्यों के निर्वहन और नागरिक बोध के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने संस्थान परिसर तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इसके साथ ही, शिक्षकों को विशेष निर्देश दिए गए कि वे विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वच्छता और नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूकता पैदा करने में पूरी रुचि लें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User