हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरा,करंट से छात्र की मौत:बुलंदशहर में नवरात्रि का सामान और स्कूल ड्रेस खरीदने निकला था परिवार
बुलंदशहर के खुर्जा में शनिवार को महाराजा अग्रसेन स्कूल के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिरने से 14 वर्षीय छात्र अभय कुमार की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उसकी मां ललतेश और छोटी बहन शिवन्या बाल-बाल बच गईं। परिजन अभय को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, अभय अपनी मां और छोटी बहन के साथ नवरात्रि का सामान और स्कूल ड्रेस खरीदने बाजार जा रहा था। इसी दौरान 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से अभय गंभीर रूप से झुलस गया। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। अभय अपने पिता जयवीर सिंह का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के पिता ने बिजली विभाग पर जर्जर तारों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि तारों की स्थिति पर ध्यान दिया जाता तो हादसा टल सकता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)