हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत:धान काटते समय तार से टकराई हार्वेस्टर मशीन, जिला अस्पताल में भर्ती था
हाथरस के हसायन कोतवाली क्षेत्र के भरतपुर गांव में मंगलवार शाम करीब 4 बजे धान की कटाई कर रहा 18 वर्षीय युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। हार्वेस्टर मशीन ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के तार से टकरा गई। करंट लगने से युवक गंभीर रूप से झुलस गया और बेहोश हो गया। जिला अस्पताल में शाम करीब 6 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हार्वेस्टर से धान काटते समय हुआ हादसा मृतक की पहचान मैनपुरी के लालूपुरा गांव निवासी 18 साल के राजकुमार पुत्र नीरज के रूप में हुई है। राजकुमार मजदूरी करने के लिए भरतपुर गांव आया था। मंगलवार शाम वह हार्वेस्टर मशीन से धान की कटाई कर रहा था। इसी दौरान मशीन ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तार से टकरा गई।करंट लगने से राजकुमार बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही बेहोश हो गया। साथी मजदूरों ने अस्पताल पहुंचाया हादसे के बाद साथ काम कर रहे मजदूरों ने राजकुमार को तुरंत हसायन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद एंबुलेंस से उसे हाथरस जिला अस्पताल लाया गया। यहां शाम करीब 6 बजे डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतक के परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)