हाईटेंशन तार की चपेट में आई डीसीएम, 7 लोग घायल:लखीमपुर में केला लादने जा रहे थे मजदूर, दो गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर

Oct 04, 2026 - 15:20
0
हाईटेंशन तार की चपेट में आई डीसीएम, 7 लोग घायल:लखीमपुर में केला लादने जा रहे थे मजदूर, दो गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
लखीमपुर खीरी के तिकुनिया इलाके में रविवार सुबह हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से मजदूरों से भरी डीसीएम में करंट उतर गया। जान बचाने के लिए मजदूरों ने वाहन से छलांग लगा दी। इस दौरान सात मजदूर घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद दो मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसा रविवार सुबह करीब 11:30 बजे तिकुनिया कोतवाली क्षेत्र में बाबू पुरवा से पोखरी पुरवा जाने वाले मार्ग पर हुआ। बताया गया कि निघासन थाना क्षेत्र के मोल्हे पुरवा गांव के मजदूर डीसीएम में सवार होकर बाबू पुरवा के पास एक खेत से केला लादने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते पर झूल रहे हाईटेंशन बिजली के तार डीसीएम के संपर्क में आ गए। तार छूते ही डीसीएम में करंट उतर गया। खतरा भांपकर मजदूरों ने वाहन से छलांग लगा दी। इस दौरान सात मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी। दो मजदूरों की हालत गंभीर एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निघासन पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दो मजदूरों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे में चुन्ना (30), रमाशंकर (36), रामासारे (30), जयप्रकाश (35), अरविंद (38), मंशाराम (28) और आशाराम (23) घायल हुए हैं। सभी मोल्हे पुरवा, झंडी चौराहा क्षेत्र के निवासी हैं। घायलों में अरविंद के हाथ-पैर झुलस गए हैं। मंशाराम की कमर की हड्डी और पैर टूटने की जानकारी दी गई है, जबकि आशाराम का हाथ टूट गया है। अन्य घायलों को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User