हाईवे जाम कराने के आरोप में कॉलोनी मालिक पर केस:सीतापुर में सरायन नदी के पानी से केशव ग्रीन सिटी में भरा था पानी

Oct 09, 2026 - 08:34
0
हाईवे जाम कराने के आरोप में कॉलोनी मालिक पर केस:सीतापुर में सरायन नदी के पानी से केशव ग्रीन सिटी में भरा था पानी
सीतापुर में सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद शहर के बाहरी इलाके में स्थित केशव ग्रीन सिटी में हुए भीषण जलभराव के मामले में पुलिस ने कॉलोनी के मालिक मुकेश अग्रवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उन पर कथित तौर पर गलत तथ्य बताकर स्थानीय लोगों को प्रशासन के खिलाफ भड़काने और नेशनल हाईवे-30 जाम कराने के लिए उकसाने का आरोप लगाया गया है। गुरुवार देर रात दर्ज मुकदमे की जानकारी सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। दरअसल, सरायन नदी का जलस्तर बढ़ने से केशव ग्रीन सिटी में कई फीट तक पानी भर गया था। कॉलोनी के घरों में रखा घरेलू सामान, अन्य संपत्तियां और चार पहिया वाहन पानी में डूबने से खराब हो गए थे। जलभराव से नाराज लोगों ने 29 सितंबर को लखनऊ-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर हंगामा किया था। लोग जलभराव से हुए नुकसान को लेकर नाराजगी जता रहे थे और प्रशासन से राहत की मांग कर रहे थे। प्रशासन के खिलाफ भड़काने का आरोप पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, मुकेश अग्रवाल ने कथित तौर पर गलत तथ्य प्रस्तुत कर स्थानीय लोगों को प्रशासन के खिलाफ भड़काया और हाईवे जाम करवाया। हालांकि, आरोप है कि घटना के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थे। मुकदमे में कॉलोनी से गुजरने वाली हाईटेंशन बिजली लाइन का भी उल्लेख किया गया है। बताया जाता है कि रामकोट थाने में तैनात उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय की तहरीर पर रामकोट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने एफआईआर को गोपनीय रखा था, जिसकी जानकारी गुरुवार देर रात सामने आई। पीएसी ने लोगों को निकाला था बाहर जलभराव के दौरान कॉलोनी में कई फीट पानी भर जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई थीं। घरों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए पुलिस ने पीएसी की फ्लड यूनिट की मदद ली थी। इस घटना में लोगों की घरेलू संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा था। अब कॉलोनी मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद मामला फिर चर्चा में है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User