हाईवे पर लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली में घुसी रोडवेज बस:सहारनपुर के लखनौर गोल चक्कर के पास आधी रात को हुआ हादसा, 13 यात्री घायल
सहारनपुर में देहरादून-अंबाला हाईवे पर सोमवार आधी रात लखनौर गोल चक्कर के पास रोडवेज बस और लकड़ी से लदी ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर हो गई। दिल्ली से देहरादून जा रही सवारियों से भरी बस आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्राली में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 13 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकलवाया और एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। किसी को गंभीर चोट नहीं आई। उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसा नागल थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस दिल्ली से यात्रियों को लेकर देहरादून की ओर जा रही थी। इसी दौरान लखनौर गोल चक्कर के पास बस के आगे चल रही लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्राली के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। बस की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक समय रहते उसे नियंत्रित नहीं कर पाया और बस ट्राली के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। दिल्ली, गुड़गांव और बेंगलुरु के यात्री घायल हादसे में घायल यात्रियों में दिल्ली के बुराड़ी निवासी लकी और विधि, नेहरू नगर निवासी नीतू, राजीव नगर निवासी अमित और साकेत निवासी अर्चना शामिल हैं। इसके अलावा रागिनी, सोनीपत स्थित जिंदल यूनिवर्सिटी से जुड़ी कोमल रावल, बेंगलुरु के कल्याण नगर निवासी विद्या और पल्लवी तथा गुड़गांव के सेक्टर-28 निवासी पारस भी घायल हुए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। ट्राली छोड़कर भागा चालक, क्रेन से हटाई बस हादसे की जानकारी मिलने पर नांगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकलवाया और उन्हें अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। नागल थाना प्रभारी राधेश्याम यादव ने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्राली का चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। मामले में तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)