हाइटेंशन तार की चपेट में आकर युवक की मौत:मथुरा में गुस्साए ग्रामीणों ने जाम की सड़क, भाई को नौकरी-आर्थिक सहायता देने की मांग
मथुरा के सौंख क्षेत्र के गांव बोरपा में बुधवार सुबह करीब 8 बजे खेत की ओर जा रहे रूपेश (20) की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, बिजली के तार काफी नीचे झूल रहे थे। रूपेश जैसे ही तार के संपर्क में आया, करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। तार नीचे झूलने की पहले भी दी थी सूचना ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में हाईटेंशन लाइन के तार काफी समय से नीचे झूल रहे थे। इसे लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों को पहले भी जानकारी दी गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली लाइनों की देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण हादसा हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने सौंख-मथुरा मार्ग किया जाम हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सौंख-मथुरा मार्ग पर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम खुलवाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था की जांच कराने, हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि यदि नीचे झूल रहे तारों को समय रहते ठीक करा दिया जाता तो हादसा टाला जा सकता था। दिव्यांग भाई के रोजगार की मांग रूपेश के पिता स्व. सरदार सिंह का निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां कमला देवी और भाई-बहन हैं। उसका भाई अजीत दिव्यांग है। परिवार में दो बहनें भी हैं, जिनकी शादी होनी है। ग्रामीणों और परिजनों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता देने के साथ दिव्यांग भाई अजीत को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की है। सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी ग्रामीणों ने कहा कि गांव में बिजली व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त कराया जाए और हाईटेंशन लाइन के नीचे झूल रहे तारों को ठीक कराया जाए। साथ ही हादसे की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आगे आंदोलन किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)