हाथरस के जिला अस्पताल में कई दिनों से अल्ट्रासाउंड बंद:एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट के गैरहाजिर रहने से जांच ठप, मरीज मरेशान
हाथरस के जिला अस्पताल में पिछले कई दिनों से अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो रही है। बुधवार को भी यह सेवा बंद रही, जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में एकमात्र रेडियोलॉजिस्ट डॉ. संतोष कुमार गुप्ता की तैनाती है। उनके जिले में मौजूद नहीं होने के कारण अल्ट्रासाउंड जांच ठप है। वहीं, मेडिकोलीगल मामलों पर भी इसका असर पड़ रहा है। एक्स-रे और सीटी स्कैन से जुड़े ऐसे मामलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, करीब दो साल पहले डॉ. संतोष कुमार गुप्ता के खिलाफ शिकायत की गई थी। इसमें उन पर उम्र का गलत प्रमाणपत्र बनवाने का आरोप लगाया गया था। इस मामले में मेडिकल काउंसिल ने उनका पंजीकरण रद्द करने की कार्रवाई की है। इसी आधार पर स्वास्थ्य निदेशालय ने उनसे जवाब मांगा है। फिलहाल डॉ. गुप्ता शासन को अपना स्पष्टीकरण देने गए हैं। उनके जिले में नहीं होने से पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही है। अल्ट्रासाउंड सेवा बंद होने से मरीजों को बार-बार अस्पताल आना पड़ रहा है। मरीज अमान ने बताया कि वह दो दिन से अल्ट्रासाउंड कराने के लिए अस्पताल आ रहे हैं, लेकिन डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं। कुसमा और हरचरण समेत अन्य मरीजों ने भी कई दिनों से परेशान होने की बात कही। मरीजों के मुताबिक, अल्ट्रासाउंड कक्ष पर ताला लटका हुआ है और जांच नहीं हो पा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)