हाथरस में ई-रिक्शा चालक की मौत का मामला:परिवार ने हत्या का आरोप लगाया; भाई बोला- हाथों पर चोट के निशान, दरवाजा बाहर से बंद था
हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के नगला लच्छी गांव में शनिवार रात 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक कन्हैयालाल का शव उसके घर के कमरे में पंखे से लटका मिला। वह पिछले चार दिन से लापता था। घर से बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पत्नी बच्चों के साथ गई थी मायके जानकारी के मुताबिक, कन्हैयालाल की पत्नी ममता रक्षाबंधन पर अपने 12 वर्षीय बेटे जिगर और 10 वर्षीय बेटी कुमकुम के साथ मेरठ स्थित मायके गई थी। कन्हैयालाल के माता-पिता और दो बड़े भाइयों का पहले ही निधन हो चुका है। उसका छोटा भाई संजू अलग घर में रहता है। कन्हैयालाल के चार दिन से लापता होने के बाद शनिवार रात उसका शव घर के अंदर मिला। भाई बोला- हत्या हुई, दरवाजा बाहर से कैसे बंद था? मृतक के भाई संजू ने कन्हैयालाल की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि कन्हैयालाल के हाथ पर चोट के निशान थे। संजू के मुताबिक, यदि उसके भाई ने आत्महत्या की होती तो घर का दरवाजा बाहर से बंद कैसे हो सकता था? उसने गांव के कुछ लोगों से कन्हैयालाल का विवाद होने की बात भी कही और उन्हीं लोगों पर हत्या करने का संदेह जताया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार, पुलिस कर रही जांच घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)