हाथरस में शिक्षक-स्नातक MLC चुनाव का प्रशिक्षण:डीएम ने अधिकारियों को दिए पारदर्शी चुनाव कराने के निर्देश, 23 अक्टूबर को मतदान
हाथरस में विधान परिषद शिक्षक और स्नातक चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। शनिवार दोपहर करीब 2 बजे जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चुनाव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को अच्छी तरह समझने और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मतपत्र से होगा मतदान, विशेष पेन का होगा इस्तेमाल डीएम ने बताया कि मतदान ईवीएम के बजाय मतपत्र से कराया जाएगा। मतदाताओं को मत देने के लिए विशेष पेन उपलब्ध कराया जाएगा और उन्हें उसी का इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि मतदान केंद्र पर ऐसी कोई वस्तु न ले जाने दी जाए, जिससे मतपेटी या मतपत्र को नुकसान पहुंच सकता हो। उन्होंने मतपेटियों को नियमानुसार सील करने और मतदान सामग्री को सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थान तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। माइक्रो ऑब्जर्वर रखेंगे मतदान पर नजर अपर जिलाधिकारी ने माइक्रो ऑब्जर्वर से चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। 22 अक्टूबर को रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां प्रशासन के अनुसार, पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर को स्पोर्ट्स स्टेडियम से रवाना होंगी। 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां पुलिस सुरक्षा में निर्धारित स्थान पर लौटेंगी और वहां मतपेटियां व अन्य चुनाव सामग्री जमा कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)