हमीरपुर में पैसों के विवाद में पिता की हत्या:ईंट-कुल्हाड़ी से हमला कर मारा डाला, आरोपी बेटा रमजान गिरफ्तार

Sep 24, 2026 - 18:14
0
हमीरपुर में पैसों के विवाद में पिता की हत्या:ईंट-कुल्हाड़ी से हमला कर मारा डाला, आरोपी बेटा रमजान गिरफ्तार
हमीरपुर में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने बुधवार की रात अपने 84 वर्षीय पिता पर ईंट और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौत हो गई। घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुई, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बेटे को मौके से गिरफ्तार कर लिया। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और साक्ष्य जुटाए। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। पारा ओझी गांव निवासी नवाब अली (84) का अपने बेटे रमजान मुहम्मद से पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया गया कि रमजान मुहम्मद कुछ समय से बीमार था और उसे इलाज व अन्य जरूरतों के लिए रुपये की आवश्यकता थी। वह लोन लेने का प्रयास कर रहा था और इसी सिलसिले में पिता से रुपये मांग रहा था। रुपये देने को लेकर बुधवार रात पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान रमजान मुहम्मद ने आपा खो दिया और पिता पर ईंट व कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने से नवाब अली की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके पर ही मौजूद था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पड़ोसियों के माध्यम से परिजनों और ग्राम प्रधान शमसुद्दीन को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर के अंदर चारपाई पर नवाब अली मृत अवस्था में पड़े मिले। उनके सिर और आंख के पास चोट के निशान थे। ग्राम प्रधान के अनुसार, घटनास्थल के पास खून लगा गुम्मा भी पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक, रमजान मुहम्मद पिछले कुछ समय से बीमार चल रहा था और इलाज समेत अन्य जरूरतों के लिए रुपये की आवश्यकता थी। बताया गया कि करीब तीन-चार दिन पहले उसने ग्राम प्रधान से भी लोन के संबंध में बातचीत की थी। इसके बाद से परिवार में पैसों को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और पूरे घटनाक्रम की पुलिस जांच कर रही है। घटना की सूचना पर सीओ सदर यशपाल सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों और ग्रामीणों से जानकारी ली। इसके बाद फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वाड की मदद से आसपास के क्षेत्र की जांच की गई। पुलिस ने आरोपी रमजान मुहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। सीओ सदर यशपाल सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पिता-पुत्र के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद सामने आया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User