हनुमान टीला की रामलीला में धनुष यज्ञ का मंचन:श्रीराम ने तोड़ा शिव धनुष, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा मैदान
शामली शहर के हनुमान धाम हनुमान टीला पर चल रही श्रीरामलीला में रविवार रात भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वयंवर प्रसंग का मंचन किया गया। धनुष यज्ञ की लीला देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देर रात तक दर्शक रामलीला मैदान में डटे रहे और भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। रामलीला में राजा जनक के दरबार में माता सीता के स्वयंवर का दृश्य प्रस्तुत किया गया। स्वयंवर में भगवान शिव के विशाल धनुष को तोड़ने के लिए देश-विदेश के राजा पहुंचे, लेकिन कोई भी धनुष को हिला तक नहीं सका। इसके बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा पाकर भगवान श्रीराम ने धनुष उठाया और उसे तोड़ दिया। धनुष टूटते ही रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भगवान श्रीराम का जयघोष किया। मंचन में भगवान श्रीराम की भूमिका आकाश धीमान, लक्ष्मण की भूमिका उज्ज्वल नामदेव और माता सीता की भूमिका वंश राजपूत ने निभाई। कलाकारों ने अपने अभिनय से स्वयंवर प्रसंग को जीवंत कर दिया। धनुष यज्ञ की लीला के दौरान रामलीला मैदान में देर रात तक धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)