विंध्याचल धाम में नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों की भीड़:मां विंध्यवासिनी के दर्शन को भोर से लगी कतार, जयकारों से गूंजा धाम

Oct 12, 2026 - 10:54
0
विंध्याचल धाम में नवरात्र के दूसरे दिन भक्तों की भीड़:मां विंध्यवासिनी के दर्शन को भोर से लगी कतार, जयकारों से गूंजा धाम
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भोर से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मां के जयकारों से पूरा धाम गूंजता रहा। श्रद्धालु नारियल, चुनरी और प्रसाद लेकर दर्शन के लिए कतारबद्ध नजर आए। भक्तों ने मां के चरणों में शीश झुकाकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवरात्र मेले में उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु विंध्याचल पहुंचते हैं। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर भक्तों की आवाजाही बनी हैं । दर्शन के लिए श्रद्धालु कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए। मां विंध्यवासिनी के प्रति भक्तों की आस्था और उत्साह देखते ही बना। नवरात्र के अवसर पर कई श्रद्धालुओं ने त्रिकोण परिक्रमा भी की। उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद मां अष्टभुजा और मां काली खोह में मत्था टेका। इससे विंध्य क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी चहल-पहल बनी रही। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी गई। प्रमुख मार्गों और मंदिर परिसर में पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने तथा दर्शन व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। दूर-दराज से आने वाले भक्तों को व्यवस्थित तरीके से दर्शन कराने के प्रयास किए गए। उधर, नवरात्र मेले के चलते विंध्याचल के बाजारों में भी रौनक रही। पूजा सामग्री, चुनरी, नारियल और प्रसाद की दुकानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। धार्मिक माहौल के बीच स्थानीय दुकानदारों के कारोबार में भी तेजी देखने को मिली। मां विंध्यवासिनी के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। नवरात्र के दूसरे दिन धाम में सुबह से बनी भक्तों की भीड़ ने क्षेत्र में धार्मिक उत्सव की छटा बिखेर दी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User