हरचंदपुर में 14 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी:मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 23.55 किमी सड़कें बनेंगी, 19.15 करोड़ रुपए खर्च होंगे
रायबरेली के हरचंदपुर इलाके में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 14 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इन पर 19 करोड़ 15 लाख 39 हजार रुपए खर्च होंगे। कुल 23.55 किलोमीटर सड़कें बनाई जाएंगी। इनमें सात पुरानी और सात नई सड़कें शामिल हैं। लंबे समय से खराब और कच्ची सड़कों के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। पुरानी परियोजनाओं में खीरों ब्लॉक के कालूपुर-मजिगवां गडरियन खेड़ा मार्ग से बदलीपुरवा, बखियाखेड़ा, कियुनखेड़ा और सरैया बालमऊ खेड़ा होते हुए खीरों डामर रोड तक सड़क बनेगी। पूरे श्रद्धा मजरे बाला से पंचायत घर तक भी सड़क बनाई जाएगी। कैलोली पूरे बाजपेई मार्ग से बरौवा गौशाला होते हुए डामर रोड और कुटी-ओदर के बीच छूटी कड़ी का निर्माण भी होगा। देवगांव से कुटकुरी होते हुए गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन, रायबरेली-सेमरी रोड से लम्बई का पुरवा होते हुए रती का पुरवा और जोहवाशर्की से सराय उमर तक सड़क बनाई जाएगी। नई परियोजनाओं में पूरे नायब-रुकनापुर, दुकनहा रोड से पासिन का पुरवा होते हुए मेड़ौली संपर्क मार्ग, पूरे बसंतखेड़ा से पूरे कश्यरी हसनापुर और किलौली से आशानंदपुर तक सड़क निर्माण शामिल है। इसके अलावा माती का पुरवा बैंक से पूरे ठकुरदीन, पूरे बैसन से पूरे दोली मंदिर और लाल साहब से पूरे महेशी तक सड़कें बनाई जाएंगी। पूर्व विधायक राकेश सिंह के प्रयास से इन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। उन्होंने कहा कि सड़कें बनने से गांवों का मुख्य मार्गों से सीधा संपर्क होगा। किसानों को उपज मंडियों तक ले जाने और विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सहूलियत मिलेगी। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के एक्सईएन सुजीत कुमार राय ने बताया कि बजट मिलने पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)