हरदोई में 3 साल के मासूम की संदिग्ध-हालात में मौत:मां के प्रेमी पर पीटने का आरोप, पिता बोले- हाथ-पैर दबवाता था आरोपी, पेट में लात मारता था
हरदोई के मझिला थाना क्षेत्र में तीन साल के मासूम की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्चे के पिता ने अपनी पत्नी के प्रेमी पर बेटे को पीटने और उससे हाथ-पैर दबवाने का आरोप लगाया है। पिता का दावा है कि शारीरिक उत्पीड़न के कारण बच्चे की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बुधवार शाम करीब 6 बजे बच्चे की घर पर मौत हुई थी। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मझिला थाना क्षेत्र के बद्दापुर मजरा चठिया निवासी विमल कुमार के मुताबिक, 27 अगस्त 2025 को उनकी पत्नी अनुपमा देवी अपने विवाहित प्रेमी प्रदीप के साथ शाहजहांपुर चली गई थी। वह अपने साथ दोनों बच्चों विशेष और दिव्या को भी ले गई थी, जबकि बेटे ब्रजेश को छोड़ गई थी। विमल ने 28 अगस्त 2025 को आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी फोटो बेचने का काम करता है। पुलिस के बुलाने पर दोनों थाने पहुंचे थे। वहां बयान के दौरान अनुपमा ने प्रदीप के साथ ही रहने की बात कही थी। इसके बाद दोनों शाहजहांपुर में रहने लगे। पिता का आरोप- बच्चे के पेट में मारता था लात विमल कुमार का आरोप है कि प्रदीप मासूम विशेष को लगातार प्रताड़ित करता था। वह बच्चे से अपने हाथ-पैर दबवाता और मालिश कराता था। आरोप है कि वह बच्चे के पेट में लात भी मारता था। पिता के मुताबिक, इस वजह से बच्चे का पेट फूल गया था और उसे असहनीय दर्द होने लगा था। विमल का दावा है कि आरोपी ने बच्चे के साथ कथित मारपीट के कई वीडियो उन्हें भेजे थे। उनके पास ये वीडियो मौजूद हैं। तबीयत बिगड़ने पर मां बच्चे को लेकर लौटी परिजनों के मुताबिक, 24 अगस्त 2026 को विशेष की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर अनुपमा उसे लेकर शाहजहांपुर से ससुराल लौट आई थी। पिता विमल बच्चे का इलाज करा रहे थे, लेकिन बुधवार शाम करीब 6 बजे उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। मां अनुपमा की भी हालत बदहवास बताई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया। मझिला थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)