हरदोई में 5 किलो चांदी लूटकांड का खुलासा:व्यापारी का ड्राइवर निकला मास्टरमाइंड, इंटरनेट कॉलिंग से देता था रूट और लोकेशन
हरदोई में 27 सितंबर को शाहाबाद क्षेत्र में कारोबारी से पांच किलो चांदी लूटने के मामले का पुलिस ने शुक्रवार शाम 5 बजे खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी का चालक करन ही लूट की साजिश में शामिल था। उसने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए अपने साथियों को कारोबारी के रूट, समय, लोकेशन और चांदी की जानकारी दी थी। इसी सूचना के आधार पर बदमाशों ने रास्ते में कारोबारी की कार रोककर लूट की वारदात को अंजाम दिया। 17.5 किलो चांदी लेकर शाहजहांपुर गए थे कारोबारी पुलिस के अनुसार, कारोबारी हृदयराम सोनी 27 सितंबर को चालक करन के साथ वैगनआर कार से शाहजहांपुर गए थे। उनके पास 17.5 किलो चांदी थी, जिसे दो बैगों में रखा गया था। वापस लौटते समय शाहाबाद क्षेत्र में बजरी प्लांट के पास स्विफ्ट डिजायर सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया। कार का शीशा तोड़कर आंखों में डाली मिर्च पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने कार का शीशा तोड़ दिया और कारोबारी की आंखों में लाल मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद हथियारों के बल पर पांच किलो चांदी से भरा एक बैग लूट लिया। वारदात के दौरान चालक करन के साथ भी मारपीट का नाटक किया गया, ताकि कारोबारी को उस पर शक न हो। जांच में चालक की भूमिका सामने आई लूट के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान चालक करन की भूमिका संदिग्ध मिली। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और जांच में सामने आया कि करन रास्ते में अपने साथियों के संपर्क में था। उसने इंटरनेट कॉलिंग के जरिए कारोबारी की लोकेशन, रूट और चांदी की जानकारी बदमाशों तक पहुंचाई थी। दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए थे पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सुशील और विमल को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। दोनों के पैर में गोली लगी थी। वहीं करन और अमन मौके से फरार हो गए थे। पुलिस की टीमें दोनों की तलाश में जुटी थीं। मुखबिर की सूचना पर करन और अमन भी गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक, बाद में मुखबिर की सूचना पर करन और अमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में लूट की साजिश में करन की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही है। 2.25 किलो चांदी और हथियार बरामद पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से 2.25 किलो लूटी गई चांदी, स्विफ्ट डिजायर कार, दो .315 बोर तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कारोबारी के भरोसे का फायदा उठाकर चालक करन ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने किया खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी अखिलेश सिंह और सीओ सिटी शाहाबाद संतोष सिंह ने शुक्रवार शाम 5 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल सभी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)