गजरौला में किसान-युवा संसद:एमएसपी, गन्ने के दाम और गन्ना भुगतान समेत कई मुद्दों पर की चर्चा
गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गजरौला ब्लॉक के गांव कसेरुआ में किसान युवा संसद का आयोजन किया गया। भारतीय किसान यूनियन (संयुक्त मोर्चा) की ओर से हुए कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश चौधरी ने कहा कि गांव की चौपाल के माध्यम से युवाओं को स्थानीय समस्याओं पर सवाल पूछने और संबंधित विभागों व जनप्रतिनिधियों से जवाब मांगने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसान युवा संसद के माध्यम से गांवों की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार और कृषि से जुड़ी समस्याओं का तथ्यात्मक रिकॉर्ड तैयार कर संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के सामने रखा जाएगा। नरेश चौधरी ने किसानों को खाद और कृषि संबंधी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों की मांग और उपलब्ध कराए जा रहे कृषि इनपुट में अंतर होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। किसान युवा संसद में संगठन की ओर से एमएसपी, गन्ने के दाम और गन्ना भुगतान समेत विभिन्न मुद्दे उठाए गए। नरेश चौधरी ने कहा कि संगठन स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुरूप एमएसपी और आगामी पेराई सत्र में गन्ने का उचित मूल्य दिलाने की मांग कर रहा है। कार्यक्रम में ‘युवा जागेगा, गांव आगे बढ़ेगा’ का संदेश दिया गया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष इकबाल सैफी, जसवंत सिंह, तालिब रजा, गालिब हुसैन, कारी कार, चरण सिंह, निजामुद्दीन, कयूम खान, शेर खान, आसिफ प्रधान, शाकिर डीलर, गुलशेर खान, शौकीन सलमानी समेत अन्य किसान मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)