हरदोई में 5 लाख के अवैध-पटाखों के साथ 6 आरोपी-गिरफ्तार:त्योहारी सीजन से पहले पुलिस ने पिकअप सीज किया, 39 गत्ता माल बरामद
हरदोई जनपद की हरपालपुर कोतवाली पुलिस ने आगामी त्योहारों से पहले अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान गंगा एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर पुलिस ने 5 लाख रुपए कीमत के अवैध पटाखों के साथ छह लोगों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी पुलिस द्वारा गुरुवार दोपहर बाद 3:56 बजे दी गई। सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव ने बताया कि चेकिंग अभियान के दौरान एक पिकअप से अवैध आतिशबाजी ले जाए जाने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से छोटे-बड़े कुल 39 गत्ते अवैध आतिशबाजी व विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर अवैध रूप से ले जाए जा रहे इस माल को और परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दुर्गेश पुत्र इच्छाराम (निवासी टिलिया घटवासा, थाना अरवल, हरदोई), अवनीश कुमार पुत्र राजबहादुर (निवासी जोधनपुरवा, थाना हरपालपुर), शिवम पुत्र वीरेन्द्र, अमित पुत्र प्रभुशंकर, राहुल कुमार पुत्र शिवशंकर और आर्यन शुक्ला पुत्र वीरेन्द्र (चारों निवासी ग्राम व थाना हरपालपुर, हरदोई) के रूप में हुई है। त्योहारी सीजन के चलते क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद कर दिया गया है। संभावित हादसों को रोकने और अवैध भंडारण पर नकेल कसने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद है। सीओ हरपालपुर प्रवीण यादव ने बताया कि बरामद की गई आतिशबाजी करीब 5 लाख कीमत की है। इस मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा विस्फोटक अधिनियम, 1984 की धारा 5/9 (b) के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक कुमार, कांस्टेबल कल्याण सिंह, मोहित सिंह, राजाबाबू और सुमित कुमार शामिल रहे। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)