हरदोई में 8वीं की ज्योति बनीं एक दिन की DM:वंशिका को मिली CDO की जिम्मेदारी: जनसुनवाई में सुनीं लोगों की समस्याएं
हरदोई में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय सुरसा की 2 छात्राओं को एक दिन के लिए प्रशासनिक जिम्मेदारी सौंपी गई। मिशन शक्ति 6.0 के तहत कक्षा 8 की छात्रा ज्योति एक दिन की डीएम बनीं। इसी कक्षा की वंशिका को एक दिन की सीडीओ बनाया गया। दोनों छात्राओं ने अधिकारियों के साथ रहकर प्रशासनिक कामकाज और जनसुनवाई की प्रक्रिया को समझा। डीएम ने ज्योति को समझाई प्रशासनिक कार्यप्रणाली डीएम राहुल पाण्डेय ने छात्रा ज्योति को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, कार्यालयी दायित्वों और जनशिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी। जनसुनवाई के दौरान ज्योति ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान की प्रक्रिया को समझा। इस दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वंशिका ने विकास योजनाओं और जनसुनवाई को समझा सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने छात्रा वंशिका को विकास योजनाओं, कार्यालयी कार्यप्रणाली और जनसुनवाई की प्रक्रिया से अवगत कराया। वंशिका ने अधिकारियों के साथ बैठकर विकास कार्यों और जनसमस्याओं के निस्तारण की जानकारी ली। दिव्यांग बेटे के लिए आवास मांगने पहुंची महिला जनसुनवाई के दौरान एक महिला अपने पूर्णतः दिव्यांग बेटे लंकेश के लिए आवास की मांग लेकर पहुंची। वंशिका ने महिला की समस्या सुनी और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। इसके बाद सीडीओ नेहा ब्याडवाल ने संबंधित अधिकारियों को पात्रता के आधार पर परिवार को जल्द आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने की पहल मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक संवेदनशीलता विकसित करना है। एक दिन की प्रशासनिक जिम्मेदारी के अनुभव से छात्राओं को जनसेवा और प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझने का अवसर मिला।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)