हरदोई में घरेलू कलह से परेशान युवक ने की आत्महत्या:नीम के पेड़ से लटका मिला शव, परिजन रात भर तलाशते रहे

Oct 12, 2026 - 16:58
0
हरदोई में घरेलू कलह से परेशान युवक ने की आत्महत्या:नीम के पेड़ से लटका मिला शव, परिजन रात भर तलाशते रहे
हरदोई जनपद में सुरसा थाना क्षेत्र के बंधिया मजरा खजुरहरा गांव में घरेलू कहासुनी से उपजे तनाव के चलते एक मजदूर ने नीम के पेड़ से फांसी लगाकर जान दे दी। दिल दहला देने वाली इस घटना से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है। शव सोमवार की सुबह करीब 8:30 बजे लटका मिला। मृतक की पहचान खुशीराम(40) पुत्र शिवलाल के रूप में हुई है, जो पेशे से मजदूर था। उसके परिवार में पत्नी सोनी, एक बेटी पारुल और दो बेटे प्रियांशु व कुष्लेंद्र हैं। मृतक के भाई छोटे ने जानकारी दी कि रविवार को दिन में करीब 11 बजे खुशीराम नशे की हालत में घर पर था। इसी दौरान किसी बात को लेकर घर में कहासुनी हो गई, जिससे नाराज होकर वह बिना बताए घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने गांव के उत्तर दिशा में स्थित ब्रह्मदेव स्थान के पास एक बाग में नीम के पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के सहारे खुशीराम का शव लटकता देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अचानक हुई दुर्घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि परिजनों के शिकायती पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User