हरदोई में कांग्रेस की नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा:एसपी को सौंपा ज्ञापन, राहुल के चित्र पर कालिख लगाने की घटना की जांच की मांग

Oct 15, 2026 - 18:38
0
हरदोई में कांग्रेस की नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा:एसपी को सौंपा ज्ञापन, राहुल के चित्र पर कालिख लगाने की घटना की जांच की मांग
हरदोई में जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को नंगे पैर गांधीवादी पदयात्रा निकाली। शाम 3:30 बजे तिकुनिया पार्क स्थित गांधी प्रतिमा से शुरू हुई पदयात्रा शाम 5 बजे तक पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ भजन गाते हुए शांतिपूर्ण मार्च किया। पदयात्रा के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी के बैनर, प्रतीकों और राहुल गांधी के चित्र पर कालिख लगाने की कथित घटना की जांच और कार्रवाई की मांग की। इसके बाद जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में भी मांगपत्र दिया गया। निष्पक्ष जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग जिला कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम पांडे ने कहा कि कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी के बैनर, प्रतीकों और राहुल गांधी के चित्र पर कालिख लगाने की कथित घटना गंभीर है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने तथा सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की। उन्होंने फोटो, वीडियो और सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री को भी जांच में शामिल करने की बात कही। स्कूल परिसर में राजनीतिक कार्यक्रम कराने का मुद्दा उठाया शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि पार्टी का विरोध किसी व्यक्ति विशेष के प्रति दुर्भावना से प्रेरित नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादा से जुड़ा है। उन्होंने बाल विद्या भवन विद्यालय परिसर में कथित राजनीतिक गतिविधि आयोजित किए जाने के मामले की भी जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कार्यक्रम की अनुमति, विद्यालय प्रबंधन की भूमिका और संबंधित नियमों के पालन की पड़ताल करने की मांग की। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में स्टेनो को दूसरा मांगपत्र सौंपा गया। तीन से पांच दिन में कार्रवाई शुरू करने का अल्टीमेटम कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन को तीन से पांच दिन के भीतर कार्रवाई शुरू करने का समय दिया। उन्होंने कहा कि संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर जिला और शहर कांग्रेस कमेटी समन्वय बनाकर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन करेंगी। पदयात्रा में पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह, डॉ. राजीव सिंह, पूर्व एमएलसी अवध कुमार सिंह बागी सहित युवा, महिला, विधिक और अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User