हरदोई में मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग:कांग्रेस और सपा ने किया प्रदर्शन, ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका
हरदोई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर गुरुवार दोपहर 2:15 बजे सपा और कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। दोनों दलों ने काला दिवस मनाया। कार्यकर्ताओं ने मतदाता अधिकारों की रक्षा की मांग उठाई। सपा ने जिला मुख्यालय पर किया प्रदर्शन समाजवादी पार्टी ने ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ और ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व सांसद ऊषा वर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने संविधान और मताधिकार की रक्षा की मांग उठाई। ऊषा वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट उसकी सबसे बड़ी ताकत है। पार्टी संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। पूर्व विधायक राजेश्वरी देवी ने कहा कि वोटर लिस्ट की गड़बड़ियों पर सवाल पूछने का अधिकार सभी को है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त से इस्तीफा देने की मांग की। पूर्व जिलाध्यक्ष पदमराज सिंह पम्मू ने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त है। प्रदर्शन में आकाश वर्मा, प्रफुल्ल वर्मा, रामज्ञान गुप्ता, रहमत अली मोनू और डॉ. अरुण मौर्या समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने गांधी प्रतिमा से निकाला मार्च कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गांधी प्रतिमा से कलेक्ट्रेट परिसर तक विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका। विक्रम पांडे ने कहा कि चुनावी व्यवस्था से जुड़े हर सवाल पर पारदर्शिता और जवाबदेही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने मतदाता सूची की गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच की मांग की। शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने भी मुख्य चुनाव आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग की। दोनों दलों के सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद प्रदर्शन में अवध कुमार सिंह बागी, अजय सिंह, सुशांत पाल, मोहन सिंह, मंजूलता मित्रा, सुनीता देवी, शरीफ अंसारी, मोहिनी देवी, रामबाबू गौतम और आशीष पाल समेत दोनों दलों के सैकड़ों नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)