हरदोई में पीएचसी निर्माण के लिए 3.51 करोड़ मंजूर:सवायजपुर के 13 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को मिलेगा लाभ
हरदोई के सवायजपुर विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए सांडी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मंसूरपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के निर्माण को शासन ने मंजूरी दे दी है। इसके लिए 351.46 लाख रुपये यानी करीब 3.51 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। 8 अक्टूबर, गुरुवार की देर शाम इसकी जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। क्षेत्रीय विधायक माधवेन्द्र प्रताप सिंह ‘रानू’ के प्रयासों से पीएचसी निर्माण का रास्ता साफ हुआ है। विधायक प्रतिनिधि डॉ. रजनीश त्रिपाठी ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विधायक लगातार प्रयास कर रहे हैं। इसी क्रम में मंसूरपुर में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण को शासन से स्वीकृति मिली है। 13 से अधिक गांवों को मिलेगा लाभ मंसूरपुर में पीएचसी बनने से उमरौली जैतपुर, लालपुर हैदराबाद, मंसूरपुर, नगरा साहसी, जगतपुरवा, उमरौली, बरगदापुरवा, जिगनी, जसमई, टपुआपुर, तुलसीपुरवा, देवकली और बंजरियापुरवा समेत आसपास के गांवों के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में उपचार के लिए कई ग्रामीणों को दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है। पीएचसी बनने से सामान्य बीमारियों के उपचार, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधा मिल सकेगी। इससे खासकर दूरस्थ गांवों के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद विधायक प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार प्राथमिकता में है। मंसूरपुर में पीएचसी की स्वीकृति इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शासन से मंजूरी मिलने के बाद अब निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि केंद्र का निर्माण पूरा होने के बाद आसपास के गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच आसान होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)